AGRA: थाना एत्माद्उद्दौला क्षेत्र नरायच में एक प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह भीषण आग लग गई। चौकीदार आग देख कर घबरा गया। बराबर से ही पेट्रोल पंप भी है। आग की लपटें जब पेट्रोल पंप से देखी गई तो मौके पर दहशत फैल गई। पेट्रोल पंप स्वामी ने अग्निशमन यंत्रों के साथ अपने वर्करों को फर्म में भेज दिया। सूचना पर दमकल भी पहुंच गई थी। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में लाखों के नुकसान का आकलन किया गया है।

सुबह लग गई आग

कमला नगर निवासी अंकित दौनेरिया पुत्र सुशील कुमार दौनेरिया का नरायच में आगरा हाईवे पेट्रोल पंप के बराबर से बबिता एग्रीकल्चर एण्ड प्लास्टिक उद्योग के नाम से फर्म है। दिन में फर्म दस बजे खुलती है। फर्म पर चौकीदार रघुवीर प्रसाद रहता है। सोमवार की सुबह भी चौकीदार वहां मौजूद था। सुबह आठ बजे चौकीदार बाथरूम जाने के लिए अंदर आया।

स्टॉक रूम से दिखा धुआं

चौकीदार ने स्टॉक रूम की तरफ से धुआं निकलता देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत शोर मचा दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक स्टॉक रूम में प्लास्टिक के माल में भीषण आग लग गई। स्टॉक रूम की छत सीमेंट शेड की बनी थी। आग की भीषण लपटें उस पर पड़ी तो वह टूट कर नीचे आ गिरी। छत नीचे आते ही आग की लपटें आसमान छूने लगीं।

पेट्रोल पंप से दिखीं आग की लपटें

बराबर से ही शमसाबाद रोड शहीद नगर निवासी टीएस अरोड़ा का आगरा हाईवे के नाम से पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप की साइड की दीवार पीछे से प्लास्टिक की फर्म से लगी हुई है। पंप का ऊपरी हिस्सा खुला हुआ है। टिन शेड गिर जाने से आग की लपटें पेट्रोल पंप से नजर आने लगी। लपटों को देख पेट्रोल पंप के वर्करों में दहशत फैल गई। सामने ही दूसरा पेट्रोल पंप भी है।

पंप के वर्कर पहुंचे अग्निशमन के साथ

पेट्रोल पंप स्वामी ने आग को देखा तो तुरंत अपने वर्करों को अग्निशमन सिलेंडरों के साथ फर्म में भेज दिया साथ ही दमकल विभाग भी कॉल कर दिया। पंप के वर्करों ने छोटे सिलेंडरों से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग ने भीषण रूप धारण कर लिया था। सूचना पर फायर स्टेशन की दमकल पहुंच गई थीं।

मौके पर मची अफरा-तफरी

पेट्रोल पंप बराबर में होने से लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने दौड़ लगा दी। लेकिन पंप स्वामी ने धैर्य दिखाते हुए आग बुझाने को अपने वर्कर दौड़ा दिए। सामने भी एक पेट्रोल पंप है। लोगों को डर था कि कहीं आग पंप तक न आ जाए। लोगों का कहना था कि यदि आग पंप तक आती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Posted By: Inextlive