RANCHI: राजधानी में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने इस पर लगाम लगाने की योजना बनाई है। ये ई-रिक्शा राजधानी के अन्य सड़कों पर भी देखने को मिलेंगे, लेकिन इन्हें रूट पास रांची नगर निगम की ओर से लॉटरी के माध्यम से जारी किया जाएगा, जो सिर्फ छह महीने के लिए ही वैलिड होगा। नगर आयुक्त प्रशांत कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था राजधानी में एक मार्च से लागू हो जाएगी। वहीं रूट को फालो नहीं करने पर जुर्माना लगाने का भी कानून है। बताते चलें कि राजधानी में एक हजार से अधिक ई-रिक्शा चल रहे हैं।

बदलता रहेगा रूट

निगम ई-रिक्शा के लिए रूट पास जारी करेगा। लेकिन इसकी वैलिडिटी केवल छह महीने के लिए ही होगी। इसके बाद दोबारा से लॉटरी के माध्यम से ही रूट पास जारी किया जाएगा। ऐसे में कोई भी एक रूट पर ई-रिक्शा नहीं चला सकेगा। वहीं किसी के रूट पास की वैलिडिटी खत्म हो जाती है तो वह रिक्शा नहीं चला पाएगा।

क्8 फरवरी को होगी लॉटरी

बिरसा मुंडा फुटबाल स्टेडियम में रांची नगर निगम के अधिकारियों और ई-रिक्शा संचालकों की मौजूदगी में रूट पास के लिए लॉटरी होगी। इसके माध्यम से ही रूट पास जारी किया जाएगा। वहीं, एक मार्च से अब तय रूट पर ही ई-रिक्शा का संचालन करना होगा।

सिर्फ मेन रोड में ई-रिक्शा

एक दो रूट छोड़कर सभी ई-रिक्शा मेन रोड में ही चलते हैं। ऐसे में मेन रोड में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थिति यह होती है कि लोग अपनी गाड़ी लेकर भी नहीं चल सकते हैं। उसमें भी पैसेंजर के लिए मारामारी चलती रहती है। इसके लिए रूट केवल अल्बर्ट एक्का चौक से ओवरब्रिज होता है।

जाम से मिलेगी निजात

रूट निर्धारण होने के बाद सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि एक ही रूट में जाम की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। चूंकि अभी एक रूट में ही सबसे ज्यादा ई-रिक्शा चलते है। वहीं अन्य रूट में भी लोगों को ई-रिक्शा में सफर करने का मौका मिलेगा। इससे पाल्यूशन की कोई संभावना नहीं है। आटो की तरह भीड़-भाड़ से भी छुटकारा मिल जाएगा।

Posted By: Inextlive