आगरा। थाना शाहगंज में मंगलवार को बवाल टल गया। महादेव मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा टूटने और दुर्गा मंदिर से दान पेटी गायब होने पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भड़क गए। चूंकि मंदिर के पास एक अन्य समुदाय का धर्मस्थल भी है। इसलिए उनका गुस्सा और भी तेज हो गया। हालांकि उन्होंने आरोप किसी समुदाय विशेष पर नहीं लगाया, लेकिन असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर उन्होंने डेढ़ घंटे तक खेरिया मोड़-धनौली रोड पर जाम लगाए रखा। पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। पुलिस अफसरों की भरसक कोशिश के बाद सीसीटीवी लगवाने के आश्वासन पर जाम खोला गया।

रात में ताले टूटे मिले दोनों मंदिर के

शाहगंज के ख्वासपुरा में कमाल खां की दरगाह है। वहीं, कुछ दूरी पर अखिलेश महादेव मंदिर व इसके पास ही दुर्गा माता का मंदिर हैं। एरिया में मिश्रित आबादी है। दोनों मंदिरों पर एरिया के लोग पूजा करने आते हैं। महादेव मंदिर पर मंगलिया नाम की महिला आती है। मंगलवार तड़के मंगलिया पांच बजे जब मंदिर में पहुंची तो दोनों मंदिर के ताले टूटे मिले।

झालर भी उखड़ी हुई थीं

मंदिर में अंदर जाकर देखा तो हनुमान प्रतिमा जमीन पर पड़ी हुई थी। साथ ही देवी मंदिर का दानपात्र गायब था। मंदिर की झालर भी उखड़ी हुई थी। जानकारी पर पब्लिक जमा हो गई। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश दिखा। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। मंदिर परिसर और बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए। थाना शाहगंज की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने की असफल कोशिश की।

रोड पर लोगों ने लगाया जाम

जानकारी पर हिंदूवादी संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भाजपा नेता डॉ। रामबाबू हरित और पूर्व पार्षद हेमंत शर्मा आदि पहुंच गए। हिंदूवादी संगठन के लोगों ने घटना को लेकर हंगामा कर दिया। भीड़ जाम लगाने के लिए खेरिया मोड़ जाने लगी, लेकिन तमाम लोग खेरिया मोड़ से चलते हुए कमाल खां की दरगाह के पास पहुंच गए। यहां उन्होंने जाम लगा दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

मौके पर पहुंचे एएसपी-सीओ

इधर, एएसपी अनुराग वत्स व सीओ लोहामंडी श्यामकांत मय फोर्स के पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। लोगों का कहना था मंदिर की तत्काल मूर्ति लगाई जाए। उन्होंने ये भी कहा कि नजदीक ही एक स्कूल है। युवतियां जब स्कूल जाती हैं तो गैर समुदाय के लोग उन पर कमेंट करते हैं।

ठोस आश्वासन पर मानी पब्लिक

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वह प्रशासन से बात कर मंदिर की बाउंड्री व अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी के लिए लगवाएंगे। सुरक्षा के सारे इंतजाम किए जाएंगे। साढ़े दस बजे धरने पर बैठे लोग उठे और तब मामला शांत हो सका। इस दौरान डेढ़ घंटे तक खेरिया-धनौली मोड़ पर जाम लगने से वाहन चालकों को खासा दिक्कत उठानी पड़ी।

Posted By: Inextlive