- पूर्व सैनिक सम्मेलन में बोले सैन्य अफसर

- पहली बार गोरखपुर में आयोजित हुआ कैंप

GORAKHPUR: आर्मी पब्लिक स्कूल में रविवार को पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित मेगा वेटरंस एंड वीर नारी वेलफेयर एंड मेडिकल कैम्प का इनॉगरेशन चीफ ऑफ स्टाफ सूर्य कमांड लखनऊ, लेफ्टिेनेंट जनरल आरपी शाही ने किया। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती को लेकर पूर्वाचल के युवाओं में जोश की भारी कमी है। युवाओं में जिस तरह का जुनून होना चाहिए। वह नहीं नजर आता है। पूर्वाचल के नौजवान अपने भीतर शारीरिक और बौद्धिक स्तरों पर क्षमता का विकास करें तो सेना भर्ती में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिजनों की समस्याओं का समाधान एक छत के नीचे कैसे हो पाए। इसके लिए पहली बार गोरखपुर में कैंप का आयोजन किया गया। लोगों की भारी उपस्थिति कैंप की सफलता का पैनामा है। सरकारी योजनाओं पर उनका पूरा हक होता है। इसलिए सभी लोग इसका लाभ उठाएं।

जिला प्रशासन करेगा मदद

पूर्व सैनिकों की रैली में कमिश्नर पीगुरु प्रसाद, डीआईजी शिव सागर सिंह, डीएम ओएन ने अपने विचार रखें। डीएम ओएन सिंह ने कहा कि अप्लीकेशन मिलने पर पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान तेजी से कराया जाएगा। सैनिकों के लाइसेंस भी बनाए जाएंगे। कार्यक्रम को एडिशनल डायरेक्टर सैनिक कल्याण एंड पुनर्वास रिटायर कर्नल एलके तिवारी, पूर्व सैनिक कल्याण निगम के चेयरमैन रिटायर ब्रिगेडियर आरडी सिंह सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों के लिए तमाम लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसकी जानकारी लेकर उनका लाभ उठाया जा सकता है।

सबसे मिलकर पूछा हालचाल

कार्यक्रम में गोरखपुर- बस्ती मंडल के करीब ढाई हजार पूर्व सैनिक, वीर नारी, उनके परिवार के लोग मौजूद रहे। विभिन्न लड़ाइयों में शामिल सैनिकों, शहीद सैनिकों की विधवाओं, उनके आश्रितों को पांच लाख रुपए का सम्मान दिया गया। इस दौरान लेफ्टिेनेंट जनरल आरपी शाही के साथ जीआरडी बेस कैंप के ब्रिगेडियर एमके सगोच ने सभी लोगों से मुलाकात करके उनका हालचाल पूछा। उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। कैंप में लगे विभिन्न स्टॉल पर भूमि के विवाद, पेंशन, मेडिकल क्लेम सहित कई समस्याओं के समाधन के लिए आवेदन लिए गए। यह बताया गया कि निश्चित समय सीमा के भीतर उनकी समस्याएं दूर कर दी जाएंगी।

Posted By: Inextlive