आजादी किसे पसंद नहीं होती। इंसान हो या जीव सभी आजाद रहना चाहते हैं। ऐसा ही एक तोता जिसे पिंजरे में रखने को लेकर लड़ाई हो रही थी। वह थाने पहुंचते ही फुर्र हो गया।

लखनऊ (आईएएनएस)। लॉकडाउन के चलते इंसान घरों में कैद है। लोगों को यह कैद उनके भले के लिए दी गई मगर सोचिए उन पशु-पक्षियों का क्या, जो बिना कारण कैद रहते हैं। ऐसे ही एक तोते को पिंजरे में कैद रखा गया मगर जैसे ही उसे मौका मिला, वह आसमान में उड़ गया। ये मामला लखनऊ का है। जहां पीएसी में तैनात इंस्पेक्टर राम कृपाल ने अपने पड़ोसी पर तोता चोरी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पड़ोसी के पास जो तोता है, वह उनके तोते जैसा है।

आसमान में उड़ गया तोता

तोते के मालिकाना हक को लेकर लड़ाई, जब ज्यादा बढ़ी तो मामला थाने तक पहुंच गया। आशियाना थाने के इंचार्ज ने अनोखे स्टाईल में फैसला किया। उसने दोनों पक्षों से अपना-अपना पिंजरा थाने में लाने की बात कही। साथ ही तोते को भी लाया गया। थाना प्रभारी ने दोनों व्यक्तियों से कहा कि वह अपना पिंजरा खोले, तोता जिसका होगा वह अपने मालिक के पास खुद पहुंच जाएगा। मगर तोता दोनों से ज्यादा चालक निकला, उसे जैसे ही आजाद किया गया। वह खुले आसमान में उड़ गया और वापस नहीं आया। इसके बाद दोनों व्यक्ति पिंजरा लेकर मायूस होकर घर लौट गए।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari