UP Assembly Elections 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव के 7 चरणों में छठे चरण का मतदान 3 मार्च को होना है। इस चरण में योगी आदित्यनाथ और यूपी सरकार के कई अन्य मंत्री भी उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरे हैं।


नई दिल्ली( आईएएनएस)। UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में छठे चरण का विधानसभा चुनाव 3 मार्च को होना है। इस चरण में राज्य के 10 जिलों की 57 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण 676 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। छठे चरण में गोरखपुर, अंबेडकरनगर, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर जिले में मतदान होना है। 10 जिलों में कुल 2,14,62,816 मतदाता 676 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 1,14,63,113 पुरुष मतदान और 99,98,383 महिलाएं व 1,320 थर्ड जेंडर वोटर हैं।

छठे चरण में ये हैं प्रमुख चेहरे


विधानसभा चुनाव के छठे चरण की परीक्षा को काफी कठिन माना जा रहा है क्योंकि इसमें यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ उनके 5 मंत्रियों के भाग्य का भी फैसला होना है। छठे चरण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, राज्य मंत्री श्रीराम चौहान और जय प्रकाश निषाद हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डाले तो 2017 में 57 सीटों में से 46 सीटें भाजपा ने जीती थीं। वहीं दो सहयोगी अपना दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने जीतीं थीं।

जानें काैन किसे दे रहा टक्करछठे चरण में सिद्धार्थनगर के इतवा से एक बार फिर भाजपा के सतीश चंद्र चुनाव लड़ेंगे। यहां पर इनका मुकाबला सपा के माता प्रसाद पाण्डेय से होगा। वहीं बांसी से भाजपा के जय प्रताप सिंह, सपा के मोनू दुबे, कांग्रेस से किरण शुक्ला और बसपा से राधेश्याम शुक्ला मैदान में उतरे हैं। गोरखपुर के खजनी विधानसभा सीट से मंत्री श्री राम चौहान चुनाव लड़ेंगे। देवरिया की रुद्रपुर सीट से जय प्रकाश निषाद भाजपा के उम्मीदवार हैं। इनके सामने सपा के राम भुआल निषाद और बसपा के सुरेश तिवारी मैदान में उतरे हैं। पाथरदेव से सूर्य प्रताप शाही का सपा के ब्रह्म शंकर त्रिपाठी के साथ मुकाबला है।

Posted By: Shweta Mishra