आलू व्यापार के नाम पर लोगों को लगाया था चूना

गवाहों को धमकी देने के मामले में पुलिस ने फिर से पकड़ा

आगरा। शातिर शैलेंद्र अग्रवाल एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया। लोगों को आलू के व्यापार में लाभ का धोखा देने वाला शातिर जमानत पर बाहर था। बाहर उसने पूर्व में दर्ज मुकदमों के गवाहों को धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस पर शिकायत पहुंची तो सरगर्मी से उसकी तलाश की। शुक्रवार को शाहगंज पुलिस ने उसे साथी समेत पकड़ लिया। एसपी सिटी ने मामले में प्रेसवार्ता कर खुलासा किया।

कईयों को लगाया था चूना

साल 2015 मे शैलेंद्र अग्रवाल का नाम प्रकाश में आया था। कथित सपा नेता के साथ 18 गनर चलते थे। उसका रुतबा देखते ही बनता था। उसकी पहुंच पंचम तल तक थी। सिपाही से लेकर आईपीएस अफसरों तक से उसके संबंध थे। इसी का फायदा उठा कर उसने जालसाजी का तानाबाना बुना। कई शिकार फंसा लिए। इतना ही नहीं विरोध पर उसने एक एसआई को इतना हड़का दिया। मामले में तब डीजीपी से शिकायत की गई, तो खुलासा हुआ।

जमानत पर चल रहा था बाहर

विभव नगर, ताजगंज व मूल डैम्पियर नगर, मथुरा निवासी शैलेंद्र अग्रवाल पर धोखाधड़ी के 40 मुकदमें हैं। एक मुकदमा थाना फरह व 39 मुकदमे आगरा के थानों में दर्ज हैं। इनमें 38 मुकदमों में चार्जशीट लग चुकी है। पुलिस ने उसे 2015 में पकड़ कर जेल भेजा था। इसके बाद वह अब जमानत पर बाहर चल रहा था। बाहर निकल कर उसने अपना गिरोह सक्रिय कर लिया। उसने अपने मुकदमों में वादी और गवाहों को धमकी देना शुरु कर दिया। केदार नगर निवासी पीडि़त दीपक को जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। 8 जून को पुलिस ने उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई की। इसी के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

प्रेसवार्ता में किया खुलासा

एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना शाहगंज पुलिस ने 22 जून को सुबह शैलेंद्र अग्रवाल को साथी रोहन सिंह पुत्र किशन सिंह निवासी मोगर्रा, मथुरा को फॉरच्र्यूनर कार समेत कोठी मीना बाजार से पकड़ा। शैलेंद्र का मथुरा में एक संगठित गिरोह है। वह उसका सरगना है। उसके गैंग में रोहन के अलावा उसके भाई नितेंद्र, जितेंद्र पुत्र मुरारी लाल भी शामिल हैं। शैलेंद्र ताजगंज का हिस्ट्रीशीटर है।

पुलिस काट रही थी होटलों के चक्कर

गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद पुलिस ने तेजी से उसकी तलाश शुरु कर दी। शातिर के होटल में रुकने की सूचना मिली। पुलिस कई दिनों से ताजगंज और सदर के होटलों के चक्कर काट रही थी। पुलिस को उसके सदर स्थित होटल में रुकने की सूचना मिली तो पुलिस ने तुरंत उसे वहीं से दबोच लिया। शातिर पिछले डेढ़ साल से जमानत पर चल रहा था।

पुलिस करेगी सम्पत्ति जब्त

पुलिस को शैलेंद्र के पूरे गैंग की तलाश है। एसपी सिटी के मुताबिक चल-अचल सम्पत्ति को जब्त करने की कार्रवाई होगी। शातिर ने सम्पत्ति को अपने रिश्तेदार व नौकर, पत्‍‌नी के नाम कर रखा है।

Posted By: Inextlive