PRAYAGRAJ: दोस्त के साथ बाइक से लौट रहे एक युवक को बुधवार शाम हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गर्दन पर गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में एसआरएन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक अनुज शुक्ला (22) पुत्र दयानंद शुक्ला झलवा का रहने वाला है। वह ग्राम प्रधान प्रकाशचंद्र शुक्ला उर्फ बाबूजी का भतीजा है। अनुज अपने दोस्त नितिन साहू के साथ कटहुला गांव गया था। रात करीब नौ बजे दोनों वापस लौट रहे थे। बाइक नितिन चला रहा था। अभी दोनों स्वर्गीय राजन महाजन के घर के सामने पहुंचे थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उसके ऊपर फायर झोंक दिया।

गोली की जड़ में विवाद

गोली चलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायल अनुज को तत्काल हॉस्पिटल भिजवाया। मामले में अनुज के दोस्त से नितिन से पूछताछ चल रही है। उसका कहना है कि वह हमलावरों को पहचानता है। नितिन का दावा है कि हमला करने वाले कटहुला के रहने वाले हैं। धूमनगंज पुलिस कटहुला में दबिश दे रही है। एसओजी की टीम भी मौके पर पहुंची है। घटना की जड़ में कुछ दिन पूर्व हुआ विवाद है। बताया जाता है कि अनुज बॉक्सिंग प्लेयर है। कुछ दिन पहले बॉक्सिंग को लेकर किसी से विवाद हुआ था। घटना को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं गांव के लोगों में काफी ज्यादा आक्रोश है।

Posted By: Inextlive