- किसी को टफ तो किसी के लिए आसान रही प्राचार्य पदों पर हुई लिखित परीक्षा

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सूबे के एडेड डिग्री कालेजों में प्राचार्य पदों के लिए पहली बार लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। देश में यह अपने तरह की अलग परीक्षा थी, जबकि एडेड डिग्री कालेज में प्राचार्य पदों पर भर्ती के लिए टीचर्स ने अपना पूरा जोर लगाया। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में सिर्फ एक एग्जाम सेंटर बनाया गया था। प्रयागराज के बिशप जानसन स्कूल एंड कालेज में हुई परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश से असिस्टेंट प्रोफेसर अपनी किस्मत आजमाने पहुंचे थे। परीक्षा देकर बाहर निकले टीचर्स ने बातचीत के दौरान पेपर को अपने-अपने ढंग से परिभाषित किया। किसी को पेपर के क्वैश्चन टफ लगे तो किसी ने पेपर को प्राचार्य पद के हिसाब से काफी आसान बताया।

प्राचार्य पदों के स्टैण्डर्ड का रहा पेपर

एडेड डिग्री कालेज के प्राचार्य पदों पर हुई लिखित परीक्षा देकर बाहर निकले बलिया के डॉ। शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पेपर का स्टैण्डर्ड ठीक रहा। डिग्री कालेज के प्राचार्य पद पर नियुक्ति के लिए जिस प्रकार की लिखित परीक्षा में प्रश्न पूछे जाने चाहिए। ठीक उसी प्रकार से पेपर के प्रश्न पूछे गए थे। हालांकि कुछ प्रश्न काफी आसान थे, तो कई प्रश्नों को स्टैण्डर्ड काफी हाई था। ओवरआल देखा जाए तो पेपर ठीक रहा।

दो पार्ट में डिवाइड रहा क्वैश्चन पेपर

प्राचार्य पदों के लिए आयोजित हुई लिखित परीक्षा में पेपर को दो पार्ट में डिवाइड किया गया था। पहला पार्ट 30 अंकों के लिए था। जबकि पार्ट दो 70 अंकों के लिए प्रश्न पूछे गए थे। इसके लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय दिया गया था। पेपर का पहला पार्ट जनरल नालेज यानी सामान्य अध्ययन का रहा, जबकि दूसरा भाग प्रशासनिक अभिक्षमता यानी एडमिनिस्ट्रेटिव एप्टीट्यूड का रहा।

- क्वैश्चन पेपर काफी आसान था। प्रश्नों के स्टैण्डर्ड की बात करें तो वह बेसिक स्टैण्डर्ड का था।

डा। ऋतु राज श्रीवास्तव

- प्राचार्य पदों के स्तर के प्रश्न पूछे गए थे। एजूकेशन, कम्प्यूटर नॉलेज, यूनिवर्सिटी एक्ट से भी कई प्रश्न पूछे गए थे।

डॉ। शिवाकांत मिश्रा, बलिया

- प्राचार्य के कार्य और यूनिवर्सिटी एक्ट के प्रश्न काफी प्रमुखता से पूछे गए। इसके अलावा जीके का स्टैण्डर्ड भी ठीक रहा।

डा। राजेश सिंह, बस्ती

- फैक्चुअल प्रश्न की अधिकता थी। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के कार्यशैली व उससे जुड़े प्रश्न भी पूछे गए थे।

डॉ। रवि कुमार यादव, मुरादाबाद

- पेपर अपने हिसाब से काफी अच्छा रहा। इसमें साहित्य, संविधान के साथ ही दूसरे क्षेत्रों के भी प्रश्न शामिल रहे।

अमिता मिश्रा, प्रतापगढ़

Posted By: Inextlive