आधी रात को बदमाशों ने तमंचा सटाकर लूटा

पर्स, घड़ी व सेलफोन छीन लिया, घर पहुंचकर पुलिस को दी खबर

ALLAHABAD: दुकानदार अविनाश कुमार गए थे बारात में। जमकर डांस किया, छककर खाना खाया लेकिन लुटे पिटे घर लौटे। बारात से लौटते वक्त बाइक सवार बदमाशों ने उनको पुराने यमुना पुल पर तमंचा दिखाकर रोक लिया। बदमाशों ने पर्स, चेन, सेलफोन व घड़ी छीन लिया और चंपत हो गए।

नैनी के रहने वाले

अविनाश कुमार नैनी के रहने वाले हैं। नैनी में ही उनकी स्टेशनरी की शॉप है। शुक्रवार रात वह दोस्त मुकेश के साथ कीडगंज में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात में 12 बजे के बाद वह घर की बाइक से लौट रहे थे। मुकेश कीडगंज में ही रुक गया था। वह पुराने यमुना ब्रिज पर जैसे ही पहुंचे तभी एक बाइक से आए दो युवकों ने उनको ओवर टेक कर रोक लिया। पीछे बैठा युवक उतरा और तमंचा उनके सिर पर सटा दिया। उसने चेन छीनने के बाद पर्स उतरवा लिया। सेलफोन व घड़ी भी छीन ली। बदमाश नैनी की ओर भाग गए। पुलिस को खबर देने के लिए अविनाश के पास सेलफोन भी नहीं था। वह पहले घर पहुंचे और पत्‍‌नी के सेलफोन से पुलिस को लूट की खबर दी। बदमाशों ने चेहरे को रुमाल से कवर कर रखा था।

Posted By: Inextlive