गैंग का सक्रिय मेंबर व आशिक उर्फ मल्ली एवं अरमान भी पुलिस के शिकंजे में

एडीजी के नेतृत्व में पहुंची फोर्स देख भागे साथियों की तलाश में दी गई दबिश

PRAYAGRAJ: अतीक गैंग के सक्रिय सदस्य आशिक उर्फ मल्ही व अरमान सहित करीब आधा दर्जन लोग गिरफ्तार किए गए। यह गिरफ्तारी सिविल लाइंस हार्टलाइन रोड स्थित एक मकान से की गई। एडीजी के नेतृतव में पहुंची फोर्स को देख उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे। मौके से मिली कई बाइक व एक फोर ह्वीलर कब्जे में ली गई। पकड़े गए लोगों से पूछताछ के बाद देर रात भागे हुए लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश में जुटी रही। अफसरों के मुताबिक पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी। दोनों ही शातिर अपराधी हैं। आशिक पर पूर्व कर्नल की बीवी अल्का पांडेय के मर्डर का भी आरोप लगा था।

लंबे समय से थी पुलिस को तलाश

एडीजी के पास सिविल लाइंस हार्ट लाइन रोड किनारे स्थित मकान में बैठे अतीक गैंग के इन गुर्गो की पक्की खबर थी। बताए गए मकान में तेरह से चौदह लोगों के होने की सूचना दी गई थी। बगैर देर किए एडीजी फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे। भारी संख्या में फोर्स देख भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से आशिक उर्फ मल्ली व अरमान सहित करीब छह लोगों को गिरफ्तार किया। एडीजी के मुताबिक दोनों शातिर अपराधी व अतीक गैंग के सक्रिय मेंबर हैं। आशिक धूमनगंज थाने से वांछित चल रहा था। मौके से कई बाइक व एक लक्जरी गाड़ी भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। देर रात भागे हुए गुर्गो की तलाश में दबिश दी गई। सभी जिस घर में बैठे थे उसे अतीक गैंग के लोगों ने कब्जा किया था।

अलका हत्याकांड में आरोपित है आशिक

आशिक के इश्क की चर्चा वर्षो से होती रही है। वह कर्नल की बीवी अलका पांडेय से इश्क किया तो नैनी जेल तक जाना पड़ा था। 2011 में कर्नल ने जार्जटाउन थाने में पत्‍‌नी अलका के अपहरण की तहरीर दी थी। बताया कि था कि कार से टाइल्स लेने के लिए जाते वक्त उसका अपहरण हो गया। इस बीच उसका अपहरण कर रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में जला कर हत्या कर दी गई। हत्याकांड में आशिक उर्फ मल्ली को आरोपित बनाया गया था। आशिक टॉपटेन अपराधियों में भी शामिल है। वहीं पुलिस के मुताबिक मूल रूप से बिहार निवासी अरमान पर गया से लेकर जनपद तक लूट सहित कई मुकदमें दर्ज हैं। इस पर गैंगेस्टर की भी कार्रवाई की गई है।

जिस मकान में छापेमारी की गई थी उसे अतीक गैंग ने कब्जा कर रखा था। मकान में 13 से 14 लोगों के होने की खबर थी। कुछ ही लोग हाथ लगे हैं। शेष की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। बरामद गाडि़यों की भी जांच कराई जायेगी।

प्रेम प्रकाश, एडीजी जोन

Posted By: Inextlive