- शहर में सात ईदगाह सहित पांच दर्जन से अधिक मस्जिदों पर पढ़ी गई ईद की नमाज

- कई दरगाहों पर पढ़ी गई फातिहा,

GORAKHPUR: ईद का दिन खुशियों के बीच एक-दूसरे को मुबारकबाद देने में बीता। बड़े हंसी-खुशी मिले तो छोटे बच्चे भी चहकते नजर आए। अलसुबह ही ईद की नमाज के लिए लोग तैयार हो गए। नए कपड़े पहने, इत्र लगाया, सिर पर टोपी सजायी और हाथ में जानमाज लेकर चल पड़े ईदगाह। ईदगाह में जहां जगह मिली, जानमाज बिछायी और नमाज शुरू कर दी। शहर की सात ईदगाहों व करीब पांच दर्जन से अधिक मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। ईद की नमाज का इंतजार शुरु। ईद की नमाज के वक्त तक ईदगाह व मस्जिदों के आसपास की सड़कों पर नमाजियों की कतारें लग गयी।

यहां-यहां पढ़ी गई नमाज

नार्मल स्थित ईदगाह मुबारक खां शहीद, ईदगाह फतेहपुर मेडिकल कालेज, ईदगाह बेनीगंज, ईदगाह पुलिस लाइन, चिलमापुर ईदगाह, सब्जपोश मस्जिद जाफरा बाजार, गौसिया जामा मस्जिद, रहमतनगर जामा मस्जिद, ईदगाह सेहरा बाले मैदान, खादिम हुसैन मस्जिद, मस्जिद हसनैन घासीकटरा में मुकर्रर वक्त पर ईद-उल-फित्र की नमाज अकीदत व ऐहतराम के साथ अदा की गयी। फिर शुरू हुई ईद मुबारक- ईद मुबारक की सदायें। हर सिम्त यह सदाएं गूंजने लगी। छोटे से लेकर बड़ों ने लोगों को एक दूसरे को बधाईयां देनी शुरू की। गले मिले हाथ मिलाया बोले ईद मुबारक। इसी के साथ ईदी भी बटनी शुरू हुई। किसी को ईदी में पैसे मिले तो किसी को तोहफे। ईदी पाने के बाद बच्चे बेहद खुश नजर आये। अपना मनपसंद सामान खरीदा। हर ईदगाह व मस्जिदों के पास मेले जैसे माहौल नजर आया। नमाज के बाद मुसलमानों का एक हुजूम उमड़ पड़ा। सरों पर टोपी, कुर्ता पैजामा पहने बच्चे व बड़े खुशी से एक दूसरे को मुबारकबाद देते नजर आये। लोगों ने ईदगाहों व मस्जिदों के बाहर गरीबों में फित्रा व जकात की रकम अदा की। मुस्लिमों पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में काफी संख्या में मुस्लिम नौजवानों ने ईदगाहों व मस्जिदों में काली पट्टी बांध कर ईद-उल-फित्र की नमाज पढ़ी।

Posted By: Inextlive