GORAKHPUR: महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी अब शोहदों को भारी पड़ेगा. इस मामले में शोहदे सिर्फ जेल ही नहीं जाएंगे बल्कि उनका डाइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट भी नहीं बनेगा. यह अनोखी पहल आईजी मोहित अग्रवाल ने की है. इस संबंध में आईजी ने गोरखपुर जोन की पुलिस को आदेश जारी कर दिया है. इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि छेड़खानी के मामलों में पुलिस कतई आरोपियों से नरमी से पेश न आएं बल्कि उनके खिलाफ सख्त रूख अपनाएं.

-छेड़खानी की घटनाओं पर आईजी सख्त, जोन के सभी कप्तानों को दिया निर्देश

एलआईयू और आरटीओ को भी भेजेंगे लिस्ट
आईजी मोहित अग्रवाल ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को पत्र लिखकर इस आदेश को तत्काल लागू कराने का निर्देश दिया है। कहा है कि महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी करने वाले शोहदों के खिलाफ अब थानेदार केस तो दर्ज करेंगे ही, साथ ही इसकी लिस्ट एलआईयू और आरटीओ को भी भेजेंगे। ताकि ऐसे शोहदों का ड्राइविंग लाइसेंस व पासपोर्ट भी न बन सके। ऐसे में जब आरोपी डीएल व पासपोर्ट के लिए अप्लाई करेगा तो एलआईयू के वेरिफिकेशन और आरटीओ में उसकी करनी पहले से उजागर रहेगी। इससे उसे इन दोनों चीजों से पूरी तौर पर वंचित कर दिया जाएगा।

शोहदों पर दिखेगा पुलिस का कड़ा रूख
दरअसल गोरखपुर सहित जोन के सभी जिलों में आए दिन लड़कियां व महिलाएं शोहदों की छेड़खानी की शिकार हो रही हैं। हालांकि इस पर अंकुश लगाने के लिए आईजी मोहित अग्रवाल लगातार पहल करते आ रहे हैं। इसके लिए एंटी रोमियो स्क्वायड के गठन के अलावा पुलिस स्कूलों व पब्लिक प्लेसेज पर जाकर लोगों को जागरूक भी कर चुकी हैं। बावजूद इसके पुलिस के पास छेड़खानी की शिकायतें आ रही हैं। इसे देखते हुए अब आईजी ने शोहदों के खिलाफ कड़ा रूख अपना लिया है। उन्होंने सभी पुलिस कप्तानों को पत्र लिखकर इससे तत्काल प्रभाव से सभी थानेदारों से लागू कराने का निर्देश दिया है। साथ ही आईजी ने चेतावनी दी है कि लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों को बख्सा नहीं जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।

वर्जन
छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को अब कड़ा रूख अख्तियार करना होगा। जो लोग महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते उन्हें डीएल व पासपोर्ट से भी वंचित किया जाएगा। इसके लिए जोन के सभी पुलिस कप्तानों को निर्देश जारी कर दिया गया है।
माेहित अग्रवाल, आईजी

Posted By: Inextlive