- शाम पांच बजे थम गया पहले चरण का चुनाव प्रचार

- आज ब्लॉक मुख्यालयों से रवाना की जाएंगी पोलिंग पार्टियां

KANPUR

: पंचायत चुनाव के पहले दौर का प्रचार वेडनेसडे शाम से बंद हो गया। इसी के साथ प्रशासन ने मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को भेजने की व्यवस्था कर ली है। पोलिंग पार्टियां थर्सडे सुबह छह बजे से रवाना होने लगेंगी।

अब नहीं कर सकेंगे जनसंपर्क

प्रथम चरण में सिटी के तीन ब्लॉकों बिल्हौर, शिवराजपुर व ककवन में मतदान 9 अक्टूबर को होना है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के मुताबिक वेडनेस डे शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार बंद करा दिया गया। अब प्रत्याशी कहीं मीटिंग या समर्थकों के साथ जनसंपर्क नहीं कर सकेगा। प्रत्याशी सिर्फ एक वाहन जिस पर वह स्वयं चल रहा हो इस्तेमाल कर सकेगा। हालांकि प्रचार बंद होने के बाद शिवराजपुर ब्लॉक में कुछ प्रत्याशियों ने टोली निकाली तो पुलिस ने उनको चेतावनी देकर बंद कराया।

आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

मतदान के लिए प्रशासन ने भी शाम तक सारी तैयारी पूरी कर ली। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम (वित्त) शत्रुघ्न सिंह ने तीनों ब्लॉक का दौरा कर व्यवस्थाएं भी चेक कीं। सभी पोलिंग पार्टियों को सुबह छह बजे ब्लॉक मुख्यालय पर बुलाया गया है। जहां से उन्हें वाहनों पर पोलिंग सेंटर्स भेजा जाएगा। शिवराजपुर ब्लॉक में 157 पोलिंग पार्टियां एक्टिव मोड पर होंगी वहीं 21 पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। इसी तरह बिल्हौर के लिए 210 पोलिंग पार्टियां हैं, इसके अलावा 21 पार्टियां रिजर्व रखी गई हैं। ककवन में 76 पोलिंग पार्टियां एक्टिव रहेंगी जबकि 8 पार्टियां रिजर्व में हैं।

सुबह पता चलेगा कहा जाना है

पोलिंग पार्टियों को अभी यह नहीं बताया गया है कि उन्हें किस पोलिंग सेंटर पर जाना है। यह उन्हें थर्सडे सुबह ब्लॉक मुख्यालयों पर ही बताया जाएगा, कि उनकी ड्यूटी किस सेंटर पर है। पार्टियों को मतदान में यूज होने वाली सामग्री प्रशिक्षण के दौरान ही दे दी गई है। पोलिंग सेंटर्स पर रवाना होने के पहले उन्हें मतपेटी सील, वोटर्स लिस्ट की वर्किग कॉपी, एरो क्रॉस व अमिट स्याही दी जाएगी।

वोटर पर्ची ऑनलाइन उपलब्ध

पहली बार पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट ऑनलाइन होने के साथ मतदाता अपनी पर्ची भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें sec.up.nic.in पर लॉग इन करना होगा।

पैदल जाना पड़ेगा वोटर को

मतदान केन्द्र के 200 मीटर परिधि में कोई वाहन नहीं जाएगा। मतदाताओं को वोट देने के लिए पैदल ही जाना पड़ेगा। इसके अलावा आसपास की सभी दुकाने बंद होंगी और किसी प्रकार से भीड़ लगाने की इजाजत नहीं होगी।

कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बना

मतदान की पल-पल की गतिविधि की जानकारी के लिए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया है। इसका फोन नं। 0512-2305046 है। मतदान में किसी प्रकार की असुविधा होने पर यहां शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Posted By: Inextlive