-हाउसटैक्स बढ़ाए जाने की तैयारियों का तेज हुआ विरोध, नगर निगम में हंगामा नारेबाजी

KANPUR: नगर निगम के हाउस टैक्स बढ़ाए जाने की तैयारियों का विरोध तेज हो गया है। इसको लेकर फ्राईडे को नगर निगम में कारपोरेटर्स व अन्य लोगों ने जमकर हंगामा व नारेबाजी की। उन्होंने नगर निगम ऑफिसर्स से मिलकर हाउसटैक्स बढ़ाए जाने का विरोध किया। साथ ही हाउस टैक्स बढ़ाने वाले मिनिमम मंथली रेंटल रेट्स की वृद्धि पर आपत्ति भी जताई।

90 परसेंट तक वृद्धि का प्रपोजल

गौरतलब है कि मिनिमम मंथली रेंटल रेट्स में भी नगर निगम ने करीब 90 परसेंट तक वृद्धि प्रस्तावित की है। वह भी फाइनेंशियल ईयर 2015-16 से लागू करने जा रहा है। मिनिमम मंथली रेंटल रेट्स बढ़ाने के प्रपोजल का नगर निगम प्रकाशन भी कर चुका है और लोगों से आब्जेक्शन व सजेशन भी मांगे हैं।

तेज हुआ विरोध

नगर निगम के हाउस टैक्स बढ़ाने के लिए मिनिमम मंथली रेंटल रेट बढ़ाने जाने की भनक लगते ही विरोध के सुर भी नगर निगम में गूंजने लगे थे। पहले ही नगर निगम के सत्ताधारी दल के कारपोरेटर्स ऑफिसर्स से मिलकर विरोध कर चुके हैं। उन्होंने मिनिमम मंथली रेंटल रेट बढ़ाए जाने पर लिखित आपत्ति भी दर्ज कराई थी। फ्राइडे को दक्षिण विकास मोर्चा के बैनर तले लोगों ने हाउस टैक्स बढ़ाए जाने की तैयारियों के खिलाफ नगर निगम में जमकर हंगामा व नारेबाजी की। दक्षिण विकास मोर्चा के नवीन पंडित, अर्पित यादव ने कहा कि पहले भी जीआईएस सर्वे के जरिए अनाप-शनाप हाउस टैक्स बढ़ा दिया गया था। लोग अभी भी बिल सुधार के लिए चक्कर लगा रहे हैं। पहले ही हाउस टैक्स बहुत अधिक है। उसकी तुलना में सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अब और अधिक हाउस टैक्स नहीं बढ़ना चाहिए। उन्होंने ज्ञापन देकर हाउस टैक्स बढ़ाए जाने की तैयारियों पर आपत्ति जताई। वहीं दो अन्य पॉलिटकल पार्टीज के लीडर कारपोरेटर्स व सपोर्टर्स के साथ म्यूनिसिपल कमिश्नर उमेश प्रताप सिंह से मिले। उन्होंने ज्ञापन देकर हाउस टैक्स बढ़ाए जाने पर आपत्ति जताई। एक पॉलिटिकल पार्टी के कारपोरेटर्स ने समस्याएं भी गिनाई।

Posted By: Inextlive