सुनने में यह बात अजीब सी लग सकती है लेकिन पोलैंड के वैज्ञानिकों का दावा है कि अगर पति और पत्नी एक ही शहर के हैं तो उनके बच्चे का क़द नाटा रहेगा.


अगर आपको लंबा बच्चा चाहिए तो यह सुनिश्चित कीजिए कि आपकी पत्नी या पति आप के शहर से दूर के शहर के हों। पोलैंड के वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन में पता लगाया है कि अगर मियाँ बीवी एक ही शहर के हैं तो उनके बच्चे दूर रहने वाले माता पिता के बच्चों से नाटे होते हैं। सारा खेल जेनेटिक्स का है। शोध के अनुसार अलग अलग क्षेत्रों में पैदा हुए माता पिता की जीन्स में एक ही शहर में पैदा हुए मियाँ बीवी की तुलना में कम समानता होती है। यह शोध पोलिश अकादमी ऑफ़ साइंस के मानव विज्ञान संस्थान के डेरियूज़ डेनेल ने किया है। उन्होंने लाइव साइंसेस में प्रकाशित लेख में लिखा है कि ज़्यादा अनुवाँशिक विविधता से बच्चों का शरीर अन्य बच्चों की तुलना में ज़्यादा असरदार तरीके से काम करता है।


माता पिता की सामाजिक आर्थिक स्थिति से भी फ़र्क

शोध के मुताबिक कद के निर्धारण में और कई तत्व भी काम करते हैं - मसलन माता पिता का क़द और उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी क्योंकि समृद्ध व्यक्तियों का खाने पीने का स्तर बेहतर होता है। यह परिणाम 2675 लड़कों और 2603 लड़कियों पर शोध करने के बाद निकाले गए हैं। उन्होंने उनके माता पिता के क़द और पारिवारिक आय के आँकड़े भी जमा किए।इनका बच्चों के क़द पर असर तो पड़ा ही लेकिन यह भी पाया गया कि बीस प्रतिशत लड़कों और 14 फ़ीसदी लड़कियों में माता पिता के जन्म स्थान की दूरी से भी उनके क़द मे फ़र्क पड़ा।

Posted By: Inextlive