60 से अधिक उम्र वाली महिलाओं को सिटी बस में फ्री सफर
LUCKNOW:
सिटी बसों में सफर करने वाली जिन महिलाओं की उम्र 60 साल से अधिक होगी, उनसे किसी तरह के टिकट का शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्हें सिटी बसों में फ्री सफर की सुविधा दी जाएगी। अब तक सिटी बसों में सफर करने पर महिलाओं को किसी तरह की छूट नहीं दी जाती है। यह पहला मौका होगा जब सिटी बसों में सफर करने वाली महिलाओं को छूट दी जाएगी। भेज रखा है प्रस्तावबतातें चलें कि परिवहन निगम ने रोडवेज की बसों में सफर करने वाली महिलाओं को छूट दिए जाने का प्रस्ताव शासन को भेज रखा है। यदि शासन इस प्रस्ताव पर मोहर लगा देता है तो सिटी बस प्रबंधन भी इस छूट को अपने यहां लागू भी करेगा, लेकिन सिटी बसों में इस तरह की छूट देने के लिए उसे मंडलायुक्त से परमीशन लेनी पड़ेगी। परमीशन मिलते ही सिटी बसों में भी यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। सिटी बस प्रबंधन के अनुसार 60 वर्ष से अधिक उम्र वाली जो भी महिलाएं बसों में सफर करना चाहेंगी, उनके लिए विशेष कार्ड जारी किए जाएंगे। सफर के दौरान महिलाओं को इन कार्डो को परिचालक को दिखाना होगा।
नहीं आएगा अतिरिक्त भारइस समय राजधानी में दौड़ रही 220 सिटी बसों में सफर करने वाली महिलाओं की संख्या रोजाना 20 हजार है। इनमें छात्राओं की संख्या अधिक है। सिटी बस प्रबंधन के अनुसार सिटी बसों में 60 साल से अधिक उम्र वाली महिलाएं कम ही सफर करती हैं। ऐसे में नि:शुल्क सफर की सुविधा देने पर सिटी बस प्रबंधन पर अतिरिक्त भार नहीं आएगा।
सिटी बसों में 60 साल से अधिक उम्र वाली महिलाओं को छूट दिए जाने की योजना तभी लाई जाएगी, जब यह सुविधा निगम की बसों में उपलब्ध होगी। उससे पहले हमें इसके लिए यह अध्ययन कराना पड़ेगा कि सिटी बसों में सफर करने वाली इस तरह की महिलाओं की संख्या कितनी है। उसके बाद मंडलायुक्त की बैठक में इस मुद्दे को रखा जाएगा। वहां परमीशन मिलने के बाद ही महिलाओं को यह छूट मिल पाएगी।- एके सिंह, एमडी, सिटी बस प्रबंधन, परिवहन निगम