राजधानी में रामलीला का मंचन शुरू हो गया है। डालीगंज की श्री मौसमगंज रामलीला बुधवार को शिव पार्वती संवाद के साथ शुरू हुई। पहले दिन विधिवत पूजन के बाद रावण अत्याचार राम जन्म और जानकी जन्म की लीला हुई। वहीं श्रीरामलीला समिति ऐशबाग में आज यानि गुरुवार से रामलीला का मंचन शुरू होगा।

लखनऊ (ब्यूरो)। मौसमगंज की रामलीला में पहले दिन की शिव-पार्वती संवाद आकर्षण का केंद्र रहा। माता पार्वती के राम जन्म का कारण पूछने पर भोलेनाथ पूरा वित्तांत विस्तार पूर्वक उन्हें बताते हैं। दूसरे प्रसंग में रावण भगवान ब्रह्मा व शिव को प्रसन्न कर उनसे वरदान प्राप्त कर अत्याचार करने लगता है।

मौसमगंज रामलीला में आज
- असुरों द्वारा यज्ञ विध्वंस
- दशरथ के दरबार में विश्वामित्र का आगमन
- ताड़का, मारीच और सुबाहु बध

ऐशबाग में आज नृत्य नाटिका
श्री रामलीला समिति ऐशबाग के सचिव पंडित आदित्य द्विवेदी और अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि रामोत्सव के पहले दिन 7 अक्टूबर को नृत्य नाटिका, स्तुति नृत्य के अलावा कोलकता के प्रसिद्ध नाट्य गुरु भास्कर बोस के निर्देशन में रामलीला की शुरुआत विष्णु वंदना से होगी। वहीं डॉ अशोक अज्ञानी के निर्देशन में अमृतायन की प्रस्तुति के तहत काव्य संगम आयोजित होगा। 15 अक्टूबर को दशहरे के दिन रावण वध, पुतला दहन और भव्य आतिशबाजी होगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा होंगे। रामोत्सव का समापन 16 अक्टूबर को होगा। सभी कार्यक्रमों का ऑनलाइन प्रसारण किया जाएगा।

ऐशबाग में आज की लीलाएं
- भगवान की आराधना
- रामजन्म
- विश्वामित्र का दशरथ के दरबार में आना
- ताड़का वध
- अहिल्या उद्धार

Posted By: Inextlive