-जन सुविधा केंद्र पर शिकायतें दर्ज होने का बढ़ा ग्राफ मगर निस्तारण कम

--i next ने पब्लिश की खबर तो हरकत में आया जिला प्रशासन, तेज हुआ शिकायतों के निस्तारण का काम

VARANASI

जन सुविधा केंद्र में दर्ज शिकायतों का निस्तारण तेजी से होने लगा है। जिला प्रशासन के आंख तरेरते ही संबंधित विभागों ने समस्या सुनने और जांच करने के बाद उसके निस्तारण का कार्य तेज कर दिया है। जन सुविधा केंद्र पर करीब तीन हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से तकरीबन साढ़े पांच सौ समस्याओं का निस्तारण भी किया जा चुका है। हालांकि यह आंकड़ा तीन दिन पहले ढाई सौ के आसपास था। आई नेक्स्ट ने जब इस प्रॉब्लम को प्रकाशित किया तो जिला प्रशासन ने अपने तेवर सख्त किये और निस्तारण शुरू हो गया। तीन दिन के अंदर आई साढ़े तीन सौ शिकायतों का निस्तारण किया गया।

एक माह से अटकी थी समस्या

डीएम ने पब्लिक और शहर को समस्या से मुक्त करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में जन सुविधा केंद्र खोला है। यहां ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। एक माह से शिकायतों के आने का सिलसिला लगातार समान बना हुआ है, मगर निस्तारण की गति काफी धीमी थी। उन समस्याओं का भी निस्तारण नहीं हो रहा था, जिसे एक घंटे में दूर करना चाहिए। इस खबर को आई नेक्स्ट ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद जिला प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारियों पर सख्ती दिखाई तो समस्याओं का निस्तारण जल्द होने लगा। पिछले तीन दिन में करीब साढ़े तीन सौ समस्याओं का निस्तारण हुआ है। इनमें अधिकतर समस्याएं बिजली, पानी, सफाई और पारिवारिक थीं। ईडीएम प्रफुल्ल अग्रवाल ने बताया कि समस्याओं के निस्तारण को लेकर लगातार विभागों को रिमाइंडर भेजा जा रहा है। जो समस्याएं सॉल्व हो रही हैं, उसे ऑनलाइन फीड किया जा रहा है। जिससे शिकायतकर्ता को अपनी समस्या दर्ज कराने के बाद अपडेट मिल सके।

Posted By: Inextlive