लोग मोबाइल टीवी व वेबसाइट से हो गए थे कनेक्ट दिनभर में दो बार किशन तो दो बार नीलकंठ हुए आगे

वाराणसी (ब्यूरो)बनारस की सबसे हॉट सीट दक्षिणी ने लोगों के दिल की धड़कन बढ़ा दी थी। पहडिय़ा मंडी में गुरुवार को सुबह जैसे ही मतगणना शुरू हुई, लोग मोबाइल, टीवी, वेबसाइट से कनेक्ट हो गए। मतगणना स्थल पर मौजूद पार्टी समर्थकों, पत्रकार साथियों, पुलिस जवानों, व्यवस्था में लगे लोगों से राउंडवार ही नहीं, बल्कि हर पल की जानकारी लेने के लिए लोग लगातार फोन घनघनाते रहे।

25 राउंड तक गिनती

दक्षिणी में कुल 25 राउंट तक वोटों की गिनती हुई। किसी राउंड में सपा प्रत्याशी किशन दीक्षित तो किसी राउंड में भाजपा के नीलकंठ तिवारी आगे चल रहे थे। किसी राउंड में आठ हजार, किसी में पांच हजार, किसी में तीन हजार तो किसी में मात्र चार या तीन सौ वोट का अंतर हो रहा था। लगातार आगे-पीछे होने का खेल दिनभर चलता रहा, जिससे लोगों के दिल की धड़कन भी बढ़ और घट रही थी। आखिरी तीन राउंड में भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ तिवारी आगे रहे और 10722 वोट के अंतर से चुनाव जीत गए।

चौथे राउंड से नीलकंठ आगे

मतगणना के तीसरे राउंड से भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ तिवारी आगे हो गए। इस राउंड में कुल 17065 वोट मिले थे, जबकि सपा के कामेश्वर नाथ ऊर्फ किशन दीक्षित को 14753 वोट मिले थे। इसके बाद वह 12वें राउंड तक बढ़त बनाए रखे। बीच में 10वें राउंड में अंतर करीब दस हजार तक पहुंच गया था। 13वें राउंड में 52438 वोट के साथ सपा आगे हो गई। इसके बाद लगातार 21वें राउंड तक किशन दीक्षित ने बढ़त कायम रखी। इस राउंड में सपा के खाते में 81918 और भाजपा को 80718 मत मिले थे। अंतर मात्र 1200 का था। इसके बाद 22वें राउंड की घोषणा हुई तो नीलकंठ तिवारी आगे आ गए। इसके बाद वह लगातार बढ़त बरकरार रखते हुए आखिरी राउंड में 10722 वोट से जीत गए।

पहले राउंड से किशन आगे

सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई थी। करीब साढ़े दस बजे पहले राउंड की घोषणा हुई, जिसमें सपा के किशन को 7124 व भाजपा के नीलकंठ को 1670 मत मिले थे। दूसरे और तीसरे राउंड में भी किशन आगे थे, लेकिन इसके बाद नीलकंठ का पलड़ा भारी हो गया। फिर 13वें राउंड में किशन दीक्षित आगे हो गए। वह लगातार 21वें राउंड तक आगे रहे। यह खबर लगातार मतगणना स्थल के बाहर भी जाती रही। सपा में जश्न भी शुरू हो गया। एक बार लगा कि यह सीट भाजपा के हाथ से चली गई, लेकिन 22वें राउंड की घोषणा होते ही सपा में खलबली मच गयी। आखिर वही हुआ, जिसका कयास पहले से ही था। दक्षिणी सीट भी अंतत: भाजपा के खाते में रही.

सोशल मीडिया पर किशन की जीत

शुरू में किशन दीक्षित की बढ़त की जानकारी होते ही सपा कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह था। बीच में भाजपा के आगे होने से भी उनका उत्साह ठंडा नहीं हुआ। 13 से 21वें राउंड तक लगातार किशन की बढ़त से सपा ने जश्न की तैयारी शुरू कर ली। इसी बीच कई लोगों ने अपने फेसबुक एकाउंट से किशन के विजय की घोषणा कर दी.

Posted By: Inextlive