-वीकली क्लोजर पर व्यापारियों का सहयोग, सेनेटाइजेशन नहीं

-दुकानों के अलावा सिटी में सब कुछ खुला

देहरादून

पिछले एक महीने से हर संडे को दून में वीकली क्लोजर पूरी तरह से सक्सेस हो रहा है, लेकिन इस क्लोजर का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। प्रशासन ने वीकली क्लोजर पर पूरे शहर को सेनेटाइज करने का आदेश दिया था, लेकिन सेनेटाइजेशन के लिए जिम्मेदार नगर निगम आदेशों का पालन नहीं कर पा रहा है। सिटी के ज्यादातर इलाकों में सेनेटाइजेशन नहीं हो पा रहा है।

दावे बड़े, काम कम

नगर निगम के अधिकारी हर वीकली क्लोजर पर सिटी को सेनेटाइज करने का दावा तो करते हैं, लेकिन कुछ प्रमुख बाजारों और मुख्य सड़कों को छोड़कर कहीं भी सेनेटाइजेशन नहीं हो रहा है। नगर निगम का दावा है कि हर वीकली क्लोजर में 7 से 9 बड़ी मशीनें और हर वार्ड में एक छोटी मशीन से सेनेटाइजेशन किया जाता है।

दिखती हैं गिनती की मशीनें

पिछले चार हफ्ते ने नगर निगम के अधिकारी हर वीकली क्लोजर पर 25 हजार लीटर से ज्यादा दवाओं के मिक्स्चर का छिड़काव करने का दावा करते रहे हैं। हर वीकली क्लोजर पर कुछ प्रमुख बाजारों और मिड सिटी की कुछ सड़कों पर ट्रैक्टर में रखी बड़ी मशीनों से छिड़काव होता तो नजर आया, लेकिन यह छिड़काव बहुत सीमित क्षेत्र में ही नजर आता है। ज्यादातर बाजारों में व्यापारी किसी भी तरह का छिड़काव या सेनेटाइजेशन से इनकार कर रहे हैं।

कहीं नहीं दिखती छोटी मशीनें

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार हर वार्ड में एक छोटी मशीने से सेनेटाइजेशन किया जा रहा है। यानी हर वीकली क्लोजर पर 7 से 9 बड़ी मशीनों के अलावा एक सौ छोटी मशीनें भी सेनेटाइजेशन के काम में लगी हैं। लेकिन, ये मशीनें या तो सड़कों पर नहीं उतारी जा रही हैं या फिर बहुत सीमित क्षेत्र में इनसे छिड़काव किया जा रहा है। ज्यादातर दूनाइट्स ने इन चार हफ्तों में एक दिन में अपने क्षेत्र में सेनेटाइजेशन होते नहीं देखा।

दुकानों के अलावा सब खुला

खास बात यह है कि वीकली क्लोजर सिर्फ दुकानों पर ही लागू किया जा रहा है। व्यापारी इसमें पूरा सहयोग भी दे रहे हैं। मुख्य बाजारों के साथ ही छोटे-छोटे बाजारों और गली-मोहल्लों वाली दुकानें भी वीकली क्लोजर पर पूरी तरह से बंद रहती हैं। लेकिन, यह क्लोजर केवल दुकानों पर ही लागू किया गया है। सड़कों पर ट्रैफिक पर किसी तरह का कोई अंकुश नहीं है। शहर में सब्जी, दूध और दवा के साथ ही शराब की दुकानों को भी वीकली क्लोजर से छूट दी गई है।

नुकसान के बावजूद समर्थन

व्यापारी वीकली क्लोजर में पूरा सहयोग कर रहे हैं। दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन कहते हैं कि संडे के दिन व्यापारियों का सबसे ज्यादा कारोबार होता है। लेकिन, कोरोना संक्रमण और खासकर न्यू स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए व्यापारी वीकली क्लोजर में पूरा सहयोग दे रहे हैं। लेकिन, वे कहते हैं कि वीकली क्लोजर का फायदा उठाते हुए पूरी तरह शहर में सेनेटाइजेशन होना चाहिए। वे कहते हैं कि उन्हें नहीं लगता कि ठीक से सेनेटाइजेशन किया जा रहा है।

इन जगहों पर हुआ सेनेटाइजेशन

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इस बार सभी सरकारी हॉस्पिटल के अलावा कई सरकारी दफ्तरों, सरकारी गेस्ट हाउस, क्लॉक टावर चौक, पलटन बाजार, चकराता रोड, गांधी रोड, राजपुर रोड आदि क्षेत्रों में बड़ी मशीनों से सेनेटाइजेशन किया गया।

सेनेटाइजेशन का काम हर वीकली क्लोजर पर किया जा रहा है। इस बार भी कई जगहों पर सेनेटाइजेशन किया गया और करीब 30 हजार लीेटर मिक्स्चर का छिड़काव किया गया। बड़ी और छोटी मशीनों से सेनेटाइजेशन किया गया।

डॉ। कैलाश जोशी, चीफ हेल्थ ऑफिसर, नगर निगम

Posted By: Inextlive