ऊंटी से भी कम इलाहाबाद का तापमान, शिमला जैसा दिख रहा नजारा

नए साल के आगाज से पहले ही ठंड ने दिखा दिए हैं जोरदार तेवर

ALLAHABAD: नए वर्ष के आगाज में अभी दो दिन बाकी हैं। लेकिन उससे पहले ही ठंड ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। शुक्रवार को आलम यह था कि सिटी और आउटर दोनों ही जगहों पर सुबह से ही घना कोहरा देखने को मिला। दोपहर बाद तो यह थोड़ा छंटा, लेकिन शाम से पहले ही फिर कोहरे ने डेरा जमा लिया। इसके साथ चलने वाली सर्द हवाएं हाड़ कंपाने लगी हैं।

नहीं हो सके धूप के दर्शन

पूरे दिन सूरज के तेवर नर्म ही नजर आए। धूप हुई तो जरूर थी, लेकिन ठंड के सामने वह बिल्कुल फीकी दिखी। लोग खुद को मोटे कपड़ों में लपेटे सड़कों पर नजर आए। जिन्होंने हल्के या हाफ स्वेटर या जैकेट के सहारे दिन गुजारने की सोची। उन्हें पछताना पड़ गया। शुक्रवार को ठंडक का तेवर कुछ ऐसा रहा कि दुपहिया वाहन से निकलने वाले तो कंपकंपा ही गए।

पारा हिल स्टेशन जैसा

बात टेम्परेचर की करें तो इन दिनों इलाहाबाद के टेम्परेचर ने कुछ चुनिंदा हिल स्टेशंस की भी बराबरी कर ली है। सिटी का टेम्परेचर पिछले कुछ दिनों से लगातार 07 से 08 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ऐसे में यह तो पक्का हो चला है कि जनवरी के प्रथम सप्ताह तक टेम्परेचर अभी और गिरना ही है।

अन्य शहरों में तापमान

शहर- तापमान, डिग्री सेल्सियस

नैनीताल- 08

ऊंटी- 10

शिमला- 05

कुल्लू - 12

जम्मू -07.6

जयपुर-10.3

इलाहाबाद में पिछले दस दिनों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

29 दिसम्बर- 8.5

28 दिसम्बर- 7.8

27 दिसम्बर- 8.9

26 दिसम्बर- 7.3

25 दिसम्बर- 8.8

24 दिसम्बर- 11.5

23 दिसम्बर- 11.2

22 दिसम्बर- 11.0

21 दिसम्बर- 9.6

20 दिसम्बर- 11.9

जनवरी के आगमन और दिसंबर के जाते जाते ठंड का ऐसा झटका स्वाभाविक ही है। अगले दो दिन में ठंड बढ़ भी सकती है। इससे गलन बढ़ेगी। ऐसे में सर्द हवाएं तेज चलीं तो लोगों के लिये जाड़ा बर्दाश्त करना मुश्किल साबित होगा।

-प्रो। एआर सिद्दकी, ज्योग्राफी डिपार्टमेंट इलाहाबाद यूनिवर्सिटी

चूंकि, संगमनगरी गंगा और यमुना के मध्यवर्तीय भाग में बसी है। ऐसे में यहां जाड़ा और गर्मी दोनों ही जोरदार पड़ती है। अबकी जनवरी की ठंड लोगों को चौंका सकती है। क्योंकि, इस बार गर्मी और बरसात का मौसम भी ठीकठाक ही रहा है।

-प्रो। बीएन मिश्रा, एक्स। एचओडी ज्योग्राफी डिपार्टमेंट इलाहाबाद यूनिवर्सिटी

ठंड के चलते स्कूल किए गए बंद

घने कोहरे के साथ कड़ाहे की ठंड का दौर शुरू हो जाने को देखते हुए डीएम सुहास एल वाई ने शनिवार को इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। शुक्रवार की शाम जारी आदेश में उन्होंने कहा है कि यह आदेश कक्षा एक से लेकर इंटर तक के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्थित स्कूलों पर समान रूप से प्रभावी होगा। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive