पुतिन बोले, पश्चिमी प्रतिबंध हर किसी के लिए नुकसानदेह
यूरोपीय संघ की व्यवस्था नहीं तोड़ेंगे
वियना (आइएएनएस)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कहना है कि पश्चिमी देशों द्वारा रूस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंध सभी के लिए नुकसानदेह हैं और इन्हें हटाया जाना सबके हित में होगा। लगभग सालभर बाद पश्चिमी यूरोप की पहली यात्रा के तहत ऑस्टि्रया पहुंचे पुतिन ने कहा कि यूरोपीय संघ और अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद रूस स्थिर विकास दर हासिल करने में कामयाब रहा है। बीबीसी के मुताबिक, ऑस्टि्रया के चांसलर सेबस्टियन कर्ज ने कहा कि उनका देश रूस और पश्चिमी देशों के बीच सेतु का काम करना चाहता है। लेकिन, हम प्रतिबंध के मुद्दे पर यूरोपीय संघ की व्यवस्था नहीं तोड़ेंगे।
दक्षिणपंथी पार्टियों के बीच संपर्क पर चिंता जताई
बता दें कि ऑस्टि्रया के लिए रवाना होने से पहले पुतिन ने कहा था कि मॉस्को 28 सदस्यीय यूरोपीय संघ को तोड़ना नहीं चाहता है। उल्लेखनीय है कि यूरोप के कई उदारवादी नेताओं ने पुतिन समर्थक यूनाइटेड रशिया पार्टी और यूरोपीय संघ की धुर दक्षिणपंथी पार्टियों के बीच संपर्क पर चिंता जताई है। पुतिन ने अपने दौरे के दौरान ईयू को रूस का सबसे अहम कारोबारी साझेदार भी बताया। दरअसल, ऊर्जा के मामले में मॉस्को और वियना एक दूसरे पर निर्भर हैं। यूरोप बड़ी मात्रा में रूस से गैस खरीदता है। इस गैस का बड़ा हिस्सा ऑस्ट्रिया के जरिए ही पश्चिमी यूरोप तक पहुंचता है।
डोनाल्ड ट्रंप उन्हें करीब लाने में कर रहे मदद
गौरतलब है कि 2014 के क्रीमिया मसले के बाद पहली बार यूरोपीय संघ और रूस के बीच नजदीकियां देखी जा रही हैं। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उन्हें करीब लाने में मदद कर रहे हैं। मॉस्को और यूरोपीय संघ मिलकर ईरान परमाणु डील और दूसरे अंतरराष्ट्रीय समझौतों को बचाना चाहते हैं।