-हरबस गांव में मछली मारने को लेकर हुआ विवाद, चली गोलियां

-गोली मारने वाले को घायल के साथियों ने घेरकर बोला हमला

KANPUR: सजेती में सोमवार को मछली मारने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट के बाद गोलियां चल गई। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे देख उसके साथी इतना भड़क गए कि उन लोगों ने साथी को गोली मारने वाले को पुलिस के सामने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। हमलावरों के जाने के बाद पुलिस उसको हास्पिटल ले गई। जहां डॉक्टर्स ने उसको मृत घोषित कर दिया।

सजेती के हरबस गांव में रहने वाले मंतराम दिवाकर (40) का रविवार को तालाब में मछली मारने को लेकर मनीष उर्फ बउवन सोनकर से झगड़ा हो गया था। दोनों में गाली-गलौज के बाद हाथापाई हो गई। मंतराम के भारी पड़ने पर बउवन उसको जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। सुबह मंतराम शौच के लिए खेत जा रहा था कि बउवन और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। मंतराम तमंचे से लैस था। वो बचने के लिए बउवन पर फायरिंग करते हुए वहां से भागकर गांव चला गया। इधर, बउवन गोली लगने से घायल हो गया। जिसे देख उसके साथी और भड़क गए। गुस्से में वे मंतराम को सबक सिखाने के लिए गांव में ढूढ़ने लगे। इसी बीच सूचना पर पुनिया चौकी इंचार्ज शिवशंकर यादव दो सिपाहियों समेत वहां पहुंच गए। उनके सामने ही बउवन के साथियों ने मंतराम को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। जिससे वो लहुलुहान हो गए। दरोगा किसी तरह मंतराम को उनको चंगुल से छुड़ाकर हैलट ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उसको मृत घोषित कर दिया। सजेती एसओ ने पुलिस के सामने पिटाई से मना किया है। उनका कहना है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Posted By: Inextlive