कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट से निराश हो रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। माही अब ब्लू जर्सी में भले कभी न दिखे मगर पीली जर्सी में फैंस को इंटरटेन करते आएंगे। आज से करीब एक महीने बाद धोनी एक बार फिर मैदान में वापसी करेंगे। धोनी ने पिछले साल 2019 वर्ल्डकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच खेला था। तब से वह मैदान में नहीं दिखे है, अभी तक फैंस इंतजार कर रहे थे कि धोनी शायद टी-20 वर्ल्डकप में नजर आएंगे। जब विश्वकप ही स्थगित हो गया तो धोनी ने भी संन्यास ले लिया।

19 सितंबर को होगी धोनी की वापसी
धोनी को दोबारा मैदान में देखने के लिए दर्शकों को 19 सितंबर का इंतजार करना होगा। यह वो दिन है, जब आईपीएल 2020 की शुरुआती होगी। पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। हालांकि अभी नया आईपीएल शेड्यूल जारी नहीं हुआ है मगर पहला मैच सीएसके बनाम एमआई का होगा, इस बात की पुष्टि रोहित शर्मा ने कर दी है। रोहित ने धोनी को रिटायरमेंट पर धन्यवाद बोलते हुए इस बात का खुलासा किया।

हिटमैन ने किया खुलासा
रोहित ने धोनी के लिए अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया जिसमें हिटमैन लिखते हैं, 'भारतीय क्रिेकट का सबसे बड़ा सितारा। जिसका क्रिकेट पर बहुत बड़ा प्रभाव रहा। धोनी के पास विजन था और उन्हें पता था कि टीम को कैसे बनाना है। हम आपको नीली जर्सी में बहुत मिस करेंगे मगर पीली जर्सी में आपसे एक फिर मुलाकात होगी। 19 सितंबर को टाॅस के लिए तैयार हो जाओ, माही।'

पहला मुकाबला रोहित बनाम धोनी का
रोहित की इस पोस्ट के बाद माही के मैदान में लौटने की तारीख भी तय हो गई। आईपीएल 2020 के पहले मुकाबले में धोनी अपने साथी खिलाड़ी रहे रोहित शर्मा से टक्कर लेते आएंगे। इस साल आईपीएल में माही बिना किसी टेंशन के खेलेंगे। धोनी पर इंटरनेशनल क्रिकेट का कोई दबाव नहीं होगा।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk