-नगर निगम मुख्यालय के पीछे पड़ी जमीन पर अवैध कब्जे तोड़कर ऑडिटोरियम बनाया जाना प्रस्तावित

-14वें वित्त आयोग से मिले बजट में रखा गया प्रपोजल, 1.50 करोड़ रुपए से बनकर होगा तैयार, पुलिस चौकी भी टूटेगी

kanpur@inext.co.in

KANPUR : केडीए के बाद नगर निगम ने भी अपना ऑडिटोरियम बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए प्रपोजल भी तैयार हो चुका है। 14वें वित्त आयोग से मिले बजट से 1.50 करोड़ से इसे बनाया जाएगा। नगर निगम मुख्यालय के पीछे बनने वाले इस ऑडिटोरियम में 300 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसमें एक लॉन भी प्रपोज्ड किया गया है। चीफ इंजीनियर कैलाश सिंह के मुताबिक, मुख्यालय के पीछे पड़ी जमीन में इसको तैयार करने का प्रपोजल बनाया गया है।

लगभग 700 वर्ग गज जमीन

जिस जगह पर ऑडिटोरियम प्रपोज्ड है, वहां पर अभी अस्थाई पुलिस चौकी के साथ ही कई होटल खुले हुए हैं। एक उपवन भी है। नगर निगम संपत्ति प्रभारी अतुल कृष्ण सिंह के मुताबिक लगभग 500 से 700 वर्ग गज लैंड वहां मौजूद है। जल्द ही इसके लिए डीपीआर बनाने के साथ ही इसकी पैमाइश का काम शुरू कर दिया जाएगा। रेवेन्यू के लिए नगर निगम इसे रेंट पर भी दे सकता है।

-----------

पुलिस चौकी हटेगी

मुख्यालय के पीछे नगर निगम की जमीन पर अस्थाई पुलिस चौकी बनी हुई है। लगभग 40 साल से यहां पुलिस चौकी का कब्जा है। पहले कई बार इसे हटाने को लेकर कार्रवाई की गई, लेकिन इसका कोई हल नहीं निकल सका है। पिछले साल चौकी को खाली कराया गया था, लेकिन इसमें फिर से कई पुलिस कर्मी रहने लगे हैं। इसके अलावा अगल-अगल कई होटल भी हैं, जिन्हें तोड़कर ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा।

-----------

मुख्यालय के पीछे ऑडिटोरियम प्रस्तावित किया गया है। अभी 1.50 करोड़ इसके लिए रखे गए हैं। डीपीआर तैयार कराई जा रही है। जमीन को कब्जा मुक्त कराने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।

-अक्षय त्रिपाठी, नगर आयुक्त।