- यूपी चुनाव के बहाने केंद्र के घेराव की तैयारी

- राहुल गांधी की देवरिया से दिल्ली यात्रा भी है इसी का हिस्सा

LUCKNOW: जैसे-जैसे प्रदेश में विधान सभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे वैसे कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाती जा रही है। हालांकि कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर कुछ कांग्रेसी नेताओं के गले नहीं उतर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि राहुल और प्रियंका गांधी ने प्रशांत किशोर को पूरी तरह से फ्री हैंड दे रखा है और उनकी हर रणनीति को अमली जामा पहना रहे हैं। सूत्रों का यहां तक कहना है कि राहुल गांधी भी प्रशांत किशोर के कहे रास्ते पर चलने लगे हैं। राहुल गांधी को यूपी इलेक्शन के रास्ते दिल्ली का रास्ता बनाने की भी तैयारी हो रही है।

साल के अंत तक होगा बड़ा प्रदर्शन

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की देवरिया से दिल्ली यात्रा के बाद जल्द ही दिल्ली में कांग्रेस की केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने की योजना है, जिसमें सिर्फ यूपी से ही पांच लाख लोगों के पहुंचने का टारगेट किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इसके लिए प्रशांत किशोर ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है और उसी को ध्यान में रखते हुए देवरिया से दिल्ली की यात्रा का फार्मेट तय किया गया है।

हर ब्लॉक में 25 हजार घरों पर निगाह

प्रशांत किशोर ने यूपी चुनाव की तैयारियों को लेकर जो प्लान तैयार किया है उसके मुताबिक हर ब्लॉक में कम से कम 25 हजार गांवों में जाने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए भी अलग अलग नेताओं को मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी दी गयी है। यहां तक कि प्रशांत किशोर के टीम के मेंबर भी इसे इंश्योर करने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा ले रहे हैं। साल के अंत तक प्रदेश भर के सभी जिलों के सभी ब्लॉक में यह राहुल गांधी की ओर से एक बुकलेट सभी घरों में पहुंचाने का टारगेट है।

यूपी बहाना, 2019 निशाना

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस का प्लान ना सिर्फ यूपी में गेन करने का है बल्कि केंद्र सरकार के खिलाफ कुछ उसी तर्ज पर माहौल बनाने का है जिस तरह अन्ना के आंदोलन से कांग्रेस के खिलाफ माहौल बना था। ऐसे में कांग्रेस यूपी में अगर थोड़ा बहुत भी गेन करती है तो उसका फायदा उसे 2019 में मिलेगा। देवरिया से दिल्ली तक का नारा भी प्रशांत किशोर की मिशन 2019 की रणनीति का एक हिस्सा माना जा रहा है।