नई दिल्ली (पीटीआई)। पूर्वी यूरोपीय देश से भारतीयों को वापस लाने के लिए गुरुवार सुबह यूक्रेन के कीव के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान रूसी सैन्य हमले के बीच यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दिल्ली लौट रहा है। गुरुवार सुबह एयर इंडिया की उड़ान दिल्ली से रवाना होने के बाद, यूक्रेनी अधिकारियों ने एक NOTAM (एयरमेन को नोटिस) जारी किया, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन के भीतर नागरिक विमानों की उड़ानें "नागरिक उड्डयन के लिए संभावित खतरे के कारण प्रतिबंधित हैं"।

NOTAM जारी किया गया
एयर इंडिया और केंद्र सरकार ने तब विमान को दिल्ली वापस बुलाने का फैसला किया, अधिकारियों ने कहा कि विमान ने दिल्ली लौटने के लिए ईरानी हवाई क्षेत्र में टर्न ले लिया। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने कहा कि एयर इंडिया की उड़ान AI 1947 वापस आ रही है क्योंकि कीव में NOTAM जारी किया गया है। यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) से सुबह करीब साढ़े सात बजे कीव के बॉरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए उड़ान शुरू हुई।

यूक्रेन में फंसे हैं छात्र
इस बीच कीव से यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक विमान गुरुवार सुबह करीब 7.45 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरा। STIC समूह की निदेशक अंजू वरिया ने कहा, "उड़ान में 182 भारतीय नागरिक थे और उनमें से अधिकांश छात्र थे। कुछ और उड़ानें निर्धारित की गई हैं।" हफ्तों तक चले तनाव के बाद रूस ने गुरुवार को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान की घोषणा की। एयर इंडिया की गुरुवार की उड़ान पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र से भारतीयों को वापस लाने के लिए दूसरी उड़ान होने वाली थी। 22 फरवरी को संचालित पहली उड़ान से लगभग 240 लोगों को वापस लाया गया था।

International News inextlive from World News Desk