नई दिल्ली (एएनआई)। भारतीय महिला बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने सोमवार को कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने अपने आसपास के सभी लोगों को एक बेहतर क्रिकेटर और इंसान बनने के लिए प्रेरित किया है। मंधाना की यह टिप्पणी तब आई, जब धोनी ने 16 साल के लंबे करियर का अंत करते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।

मंधाना ने याद किया धोनी को
मंधाना ने बीसीसीआई महिलाओं के ट्विटर हैंडल द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, 'मुझे अभी भी याद है कि 2011 विश्व कप फाइनल में माही सर जिस तरह से बल्लेबाजी करने के लिए निकले थे, उनके चेहरे पर आत्मविश्वास कुछ ऐसा था, जिससे मैं प्रेरित हुई। मुझे यकीन है कि उन्होंने अपने आसपास के सभी लोगों को एक बेहतर क्रिकेटर बनने के लिए प्रेरित किया है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह एक बेहतर इंसान हैं।'

2011 वर्ल्डकप फाइनल का जिक्र
मंधाना ने 2011 विश्व कप के फाइनल में धोनी की इंट्री का जिक्र किया। जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे थे। फाइनल से पहले तक धोनी के बल्ले से कुछ खास रन नहीं निकले थे। मगर श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में, उन्होंने खुद को एक नंबर प्रमोट किया और युवी से पहले मैदान में आए और भारत को अंत में जीत दिलाकर लौटे।

धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
शनिवार को धोनी ने इंस्टाग्राम पर संन्यास की घोषणा की थी। धोनी ने एक वीडियो साझा किया और पोस्ट को कैप्शन दिया, "आज रात 7:29 बजे के बाद मुझे रिटायर समझा जाए। आप सभी के प्यार और समर्थन का शुक्रिया।' विकेट-कीपर-बल्लेबाज धोनी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर रिटायरमेंट का एनाउंस किया था।वीडियो में अमिताभ बच्चन की फिल्म 'कभी-कभी' का मशहूर गीत 'मैं पल दो पल का शायर हू' था और इसमें धोनी ने भारत के लिए खेलने की अपनी अविश्वसनीय यात्रा साझा की, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच में उनका रन आउट होना भी शामिल था।

ऐसा कारनामा करने वाले इकलौते कप्तान
धोनी विश्व क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनके नेतृत्व में था कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका में 2007 में आयोजित पहले टी-20 वर्ल्डकप में भारत को जीत दिलाई। उसके बाद 2011 में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत को विश्व चैंपियन बनाया। यही नहीं धोनी ने इंग्लैंड में 2013 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती। वह तीनों आईसीसी ट्राॅफी जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk