आगरा(ब्यूरो)। 11 और 12 फरवरी को आगरा आ रहे जी-20 देशों के प्रतिनिधिमंडल के लिए तैयारी चल रही हैं। ब्रज की संस्कृति से पहचान कराने के लिए शहर को उसी रूप में संवारा-सजाया जा रहा है। शहर के सुंदरीकरण के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी भागीदारी निभाने के लिए हर विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। इसी श्रंखला में डॉ। भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय से जी-20 के समन्वयक प्रो। लवकुश मिश्रा ने इंस्टीट््यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) की ओर से प्रस्ताव दिया। उन्होंने सीडीओ ए। मनिकंडन की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा कि ब्रज की कला, शिल्प और भोजन को प्रदर्शित किया जाए। इसके लिए एक कुंतल वजन की बेढ़ई, 10 किलो का पेठे का पीस और रंगीन पेठे से जी-20 का लोगो तैयार करने का प्रस्ताव रखा। जिसे स्वीकृति मिल गई। कुलपति प्रो। आशु रानी ने भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

ऐसे तैयार होगी बेढ़ई
बेढ़ई के लिए 60 किलो मैदा, 20 किलो सूजी, 10 किलो उड़द की दाल, पांच किलो मसाला, सात टिन रिफाइंड। बेढ़ई बेलने के लिए दो प्लाई बिछाई जाएंगी। बेढ़ई बनाने में 10 लोगों की टीम काम करेगी। 10 किलो का पेठा बनाने के लिए 12 किलो से ज्यादा का पेठे का फल लिया जाएगा। मशीन से पेठा गोदा जाता है, लेकिन इसके लिए बड़े सुए का इस्तेमाल किया जाएगा और हाथ से गोदा जाएगा। पेठा अंगूरी होगा। अंदर पान, गिलोय आदि की भरत होगी। बेढ़ई और पेठा बनाने की प्रक्रिया का लाइव प्रसारण सोशल मीडिया पर किया जाएगा। जी-20 के प्रतिनिधिमंडल के लिए रंगीन पेठा इस्तेमाल किया जाएगा। आईटीएचएम के बड़े टेबल पर फायल बिछाकर जी 20 का लोगो बनाया जाएगा। प्रो। लवकुश मिश्रा ने बताया कि दोनों चीजें संस्थान में ही तैयार होंगी। ये बेढ़ई और पेठा गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकॉड्र्स के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा लिम्का बुक ऑफ रिकॉड्र्स में भी प्रविष्टि भेजी जाएगी।

-------------

ताकि न हों पर्यटक परेशान, जी-20 मेहमानों की विजिट के कार्यक्रम के बारे में कारोबारियों ने पूछे सवाल

आगरा। जी-20 के प्रतिनिधियों की विजिट से पर्यटन कारोबारी असमंजस में है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस दौरान आम पर्यटकों के लिए स्मारक तक पहुंचना संभव होगा या नहीं। कारोबारियों ने प्रशासन से विजिट के कार्यक्रम की जानकारी मांगी है, जिससे कि पर्यटकों को पूर्व में सूचित कर दिया जाए। प्रतिनिधियों की मुंबई व कोलकाता विजिट के दौरान आम पर्यटकों को स्मारकों से दूर रखा गया है।

कमिश्नर ने दिया आश्वासन
जी-20 के प्रतिनिधियों की बैठक व ताजमहल की विजिट 11 व 12 फरवरी को होनी है। 12 फरवरी को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक ताजमहल की विजिट प्रस्तावित है। जी-20 के प्रतिनिधि आगरा किला व एत्माद्दौला भी जा सकते हैं। जी-20 के प्रतिनिधियों को होटल ताज व्यू और होटल ताज कंवेंशन में ठहराया जाएगा। कुछ को होटल रेडिसन में भी ठहराया जा सकता है। जी-20 के प्रतिनिधि जब स्मारक के भ्रमण को जाएंगे तो इस दौरान आम ट्रैफिक बंद करा दिया जाएगा। जी-20 के प्रतिनिधियों की विजिट से आम पर्यटकों को परेशानी हो सकती है। दो दिन पूर्व कमिश्नर अमित गुप्ता ने पर्यटन उद्यमियों के साथ बैठक की थी, जिसमें यह बात उठी थी। मंडलायुक्त ने कम से कम समय के लिए रास्ते बंद करने का आश्वासन दिया था। टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि फरवरी में ताजमहल देखने अधिक पर्यटक आते हैं। जी-20 के प्रतिनिधियों की विजिट का पता होने पर हम पर्यटकों को पूर्व में ही जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे। रोड बंद होने की स्थिति में दूसरे रास्ते से पर्यटकों को गंतव्य स्थल तक ले जा सकेंगे।


जी-20 प्रतिनिधियों की विजिट को लेकर आम पर्यटकों के लिए अभी दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। कोशिश होगी कि पर्यटकों को कम से कम परेशानी हो।
- अमित गुप्ता, कमिश्नर