आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) देश भर के राज्य विश्वविद्यालयों में आंदोलन करेगा। वहीं,कर्नाटक में स्कूलों को गोद लेकर जीर्णोद्धार करने के लिए शुरू किए गए स्कूल बेल इनीशिएटिव को देश के अन्य हिस्सों में भी शुरू किया जाएगा।

अभाविप के 65 वें राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र में सोमवार को आगरा कॉलेज मैदान में महामंत्री निधि त्रिपाठी ने चार दिवसीय अधिवेशन में लाए गए प्रस्ताव, आगे के आंदोलन और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य विश्वविद्यालय के संवर्धन के लिए हर प्रांत में अभाविप द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यहां शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, इन्फ्रास्ट्रक्चर, समय से परीक्षाएं और परिणाम देने की मांग की जाएगी। राज्यपाल, शिक्षा मंत्री और केंद्र सरकार से विश्वविद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने की मांग की जाएगी। सेल्फी विद कैंपस के बाद अब मीनिंगफुल कैंपस यूनिट चलाया जाएगा। हर प्रांत में अधिवेशन किए जाएंगे। 2020 में होने वाले 66 वें राष्ट्रीय अधिवेशन की जिम्मेदारी कोंकण प्रांत को दी गई, यह मुंबई में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले सुबह महिला विमर्श और युवा पर विमर्श किया गया। अभाविप द्वारा छात्राओं को आत्म रक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए शुरू किए गए साहसी अभियान की जानकारी दी गई।

जलियांवाला बाग प्रदर्शनी से लेकर जाएंगे कलश

राष्ट्रीय अधिवेशन में जलियांवाला बाग हत्याकांड के 100 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी लगाई गई थी, कुआं बनाया था। सभी प्रांत अपने साथ जलियांवाला बाग प्रदर्शन की माटी कलश में लेकर जाएंगे, वहां इसके बारे में बताएंगे।