आगरा(ब्यूरो)। चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ। अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की ओर से दीपावली पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए स्पेशल अभियान चलाने के निर्देश मिले हैैं। इसी के तहत 31 दिसंबर तक यह अभियान चलाया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ। नंदन सिंह ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के 8.91 लाभार्थी के सापेक्ष 6.79 कार्ड बन चुके हैं। आयुष्मान कार्ड बनाने में आगरा प्रदेश में छठवें स्थान पर है, जिले में अबतक 76.23 परसेंट आयुष्मान कार्ड बन चुके हैैं।

पांच लाख रुपए तक मुफ्त इलाज
डॉ। नंदन ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड धारक प्रति लाभार्थी परिवार को पांच लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा दी जाती है। कार्डधारकों को देश के किसी भी संबद्ध सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती होने के बाद यह सुविधा बिना समय गवाएं मिलती है। इस योजना से हाल ही में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पात्रता सूची में छह या छह से अधिक सदस्यों वाले परिवारों को भी जोड़ा गया है। ऐसे परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है जिनमें केवल वरिष्ठ नागरिक ही सदस्य हैं। अभियान में ऐसे नये सदस्यों का कार्ड बनाने पर अधिक जोर रहेगा।

नोडल अधिकारी ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान आगरा के सभी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाये जाएंगे। कैंप के एक दिन पहले योजना के लाभार्थियों को आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के जरिए आयोजन स्थल की सूचना दी जाएगी। ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार के लिए माइकिंग का भी उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी इस अभियान के नोडल अधिकारी होंगे और वह एक नोडल टीम गठित करेंगे जो कार्ययोजना को पूरा कराएगी। अभियान की सफलता के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

आयुष्मान एप का किया जाएगा प्रचार
अभियान के दौरान लोगों के बीच आयुष्मान एप की मदद से खुद आयुष्मान कार्ड बनाने के तरीकों के बारे में प्रचार प्रसार किया जाएगा। जन औषधि केंद्रों और समाचार पत्रों के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रदर्शन किया जाए, जिसे स्कैन कर लोग अपने मोबाइल में आयुष्मान एप के इस्तेमाल के तरीके का वीडियो देख सकें और खुद अपना कार्ड बना सकें।


यह है प्रदेश की स्थिति
पूरे यूपी में 2.5 करोड़ लोगों आयुष्मान कार्ड बनने हैैं। पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पात्रता सूची में प्रदेश के छह या छह से अधिक सदस्यों वाले 49.74 लाख परिवारों और सभी वरिष्ठ सदस्यों वाले 11.74 लाख परिवारों को योजना में शामिल किया गया है। पात्र गृहस्थी राशन कार्ड वाले 3.48 करोड़ पात्र लाभार्थियों में से केवल एक करोड़ लाभार्थियों का ही आयुष्मान कार्ड अभी तक बनाया जा सका है। अभियान के जरिये 2.5 करोड़ अन्य लाभार्थियों का कार्ड बनाने पर विशेष जोर होगा।


दीपावली पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए स्पेशल अभियान में त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। पंचायतों और वार्डो में कैंप में लोगों को जागरुक किया जाएगा।
- डॉ। अरुण श्रीवास्तव, सीएमओ

आगरा में 6.79 लाख कार्ड बन चुके हैं आयुष्मान कार्ड बनाने में आगरा प्रदेश में छठवें स्थान पर है। जिले में अबतक 76.23 परसेंट कार्ड बन चुके हैं।
- डॉ। नंदन सिंह, नोडल अधिकारी, आयुष्मान योजना

06 वें स्थान पर है आगरा प्रदेश में
76 परसेंट टारगेट अचीव कर लिया है आगरा ने
6.79 लाख आयुष्मान कार्ड बन चुके हैैं आगरा में अब तक
8.91 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनने हैैं आगरा में.