- लेडीलॉयल लेकर पहुंचने पर हुई कार्यकर्ताओं से पुलिस की नोकझोंक

आगरा। भाजपा नेत्री की गिरफ्तारी के साथ ही हाईवोल्टेज ड्रामा की शुरूआत हुई। घंटो पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच लुकाछिपी का खेल चला। बाद में कोर्ट में पेशी के बाद इस ड्रामा का अंत हुआ।

न्यू आगरा पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

दोपहर 12.30 बजे भाजपा नेत्री कुंदनिका के घर पुलिस की तीन दर्जन से अधिक गाडि़यां पहुंची। अचाकन क्षेत्र में बड़ी संख्या में फोर्स देख लोगों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सबसे पहले सीओ लोहामंडी राजेन्द्र यादव, सीओ हरीपर्वत एएसपी अनुराग वत्स और इंस्पेक्टर न्यू आगरा जेएन अस्थाना पहुंचे। पुलिस कुंदनिका को गिरफ्तार कर थाना न्यू आगरा लेकर आयी। जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी हुई, दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ थाने पहुंच गई।

जहां पुलिस जाती, वहां भाजपाई

थाने पर भाजपाइयों को जुटता देख पुलिस भाजपा नेत्री को पालीवाल पार्क की ओर ले आई। भाजपाई यहां भी पहुंच गए। इसके बाद तू आगे-आगे, मैं पीछे-पीछे का दौर शुरू हुआ। पुलिस रकाबगंज महिला थाने पहुंची, तो वहां भी कार्यकर्ता पहुंच गए। इसके बाद सूचना मिली कि भाजपा नेत्री को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के वहां पहुंचने पर पुलिस कुंदनिका शर्मा को लेडीलॉयल ले गई। यहां भी कार्यकर्ता मौजूद थे। पुलिस और भाजपाइयों में नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस दोपहर में दीवानी एसीजेएम प्रथम के कोर्ट लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ढाई घंटे तक भाजपा नेत्री को इधर-उधर टहलाती रही। शहर की सड़कों पर टहलाती रही।

ये है मामला

विश्व हिंदू परिषद नेता अरुण माहौर की 25 फरवरी को गोकशी के विरोध में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद जयपुर हाऊस में आयोजित शोकसभा में भाजपा नेताओं पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा.मामले में पुलिस ने कुन्दनिका शर्मा समेत दो नेताओं के खिलाफ थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस सभी के लिए वारंट तामील करा लाई थी।