- नगला कारे में लगाता था चाऊमीन की ठेल, हाईस्कूल की छात्रा से बन गए प्रेम संबंध

- शुक्रवार को युवती ने घर में पंखे से लटककर दी जान, परिजनों ने मामले में साधी चुप्पी

आगरा। थाना मलपुरा के धनौली में जोड़ा साथ नहीं रह सका, तो उसने मौत को गले लगा लिया। परिवार की बंदिशों ने उनका रास्ता रोका, तो उन्होंने मौत का रास्ता चुना। प्रेमिका ने फंदे पर झूल कर जान दी, तो प्रेमी ने रविवार को उसकी मौत के सदमे में पोखर में छलांग लगा दी। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिवारीजन चुप्पी साधे हुए हैं।

हो गए थे प्रेम संबंध

धनौली के नगला कारे में 22 वर्षीय युवक चाऊमीन की ठेल लगाता था। वहीं पर 18 वर्षीय हाईस्कूल की छात्रा रहती थी। बताया गया है कि दोनों के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध हो गए। कुछ दिन पूर्व परिवार को इस बात की भनक लग गई। परिवार ने लड़की पर बंदिश लगा दी। उधर, लड़के के परिजनों ने भी सख्ती बरतना शुरू कर दिया। शुक्रवार को लड़की ने कमरे में पंखे से लटक कर जान दे दी।

आखिरी बार चेहरा देखने पहुंचा

युवती के जान देने की जानकारी होने पर प्रेमी युवक अंतिम बार चेहरा देखने उसके घर पहुंचा। लड़की के परिवार ने उसे देखा तो वह आग बबूला हो गए। परिजनों ने प्रेमी को वहां से दुत्कार कर भगा दिया। प्रेमिका की मौत से वह भारी तनाव में आ गया। वह शराब पीकर अपने घर पहुंचा। हंगामा करने लगा। मजबूरी में परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर दिया।

नाश्ता कर पोखर में कूदा, मौत

रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला। युवक उठा और पास ही स्थित हलवाई की दुकान पर गया। यहां नाश्ता किया। परिजनों को लगा कि शायद अब वह ठीक है। लेकिन, उसके दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। नाश्ता करने के बाद वह घर पर नहीं पहुंचा। वह अपने मकान से कुछ दूरी पर बनी पोखर के पास गया और छलांग लगा दी। उस दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे कूदते हुए देखा। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस भी पहुंच गई। गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरु कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक पोखर करीब 30 फुट गहरा था। पोखर में कांटा डाला गया। डेढ़ घंटे बाद उसका शव बाहर निकला जा सका।

पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे

परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसको लेकर उन्होंने हंगामा कर दिया, लेकिन पुलिस के समझाने पर वह पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए। इस मामले पर परिजनों ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली है। परिवार के लोगों का कहना था कि प्रेम प्रसंग की बात उन्हें नहीं पता है। वह पोखर में कैसे गिरा, इस बारे में उन्हें कुछ नहीं पता।