- हवाओं का रुख बदला

- तापमान में भी गिरावट जारी

आगरा। शीतलहर चलने लगी है, जिससे ठंडक बढ़ने लगी है। दोपहर में भी सर्द हवाएं चलती रही। हालांकि दोपहर में सूरज की गर्मी ने हल्की सी राहत भी दी। लेकिन शाम तक ठंडक दोबारा बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार मौसम में कुछ दिनों तक लगातार गिरावट आएगी और ठंडक भी बढ़ेगी।

सूरज-बादलों में आंख मिचौली

रविवार की सुबह कोहरे से हुई। सुबह 9 बजे तक चारों ओर कोहरा छाया रहा, फिर उसकी जगह बादलों ने ले ली। इसके बावजूद ठंडी हवाएं चलती रहीं और सर्दी का अहसास कराती रहीं। दोपहर में बादलों को साफ करके सूरज ने दर्शन दिए और ठंडक से राहत दिलाई, लेकिन शाम होते-होते ठंडक और ठिठुरन दोनों बढ़ने लगी। रात में ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान 24.7 से 4 डिग्री कम रहा। वहीं सामान्य न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस अधिक 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कोहरे के साथ तापमान भी गिरेगा

विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटे में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं सुबह कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि इस दिन बारिश की संभावना से इंकार किया। उनके अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद रोजाना सर्दी बढ़ने लगी है। सोमवार को भी तापमान में 1 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक हो सकता है। वहीं सुबह कोहरा भी रहेगा। हालांकि बारिश की संभावना से इंकार किया जा रहा है।