- फाउंड्री नगर डिपो के पास लटका था युवक

आगरा। थाना एत्माद्उद्दौला एरिया फाउंड्री नगर बस डिपो के पास एक अज्ञात युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सुबह पांच बजे लोगों को इसकी जानकारी हुई तो सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को शव से कुछ नहीं मिल सका है। पुलिस उसकी शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।

सुबह लटक रहा था शव

गुरुवार की सुबह पांच बजे करीब जब लोग घरों से बाहर निकले तो फाउंड्री नगर बस डिपो के पास एक नीम के पेड़ पर युवक का शव फंदे के सहारे लटका हुआ था। शव लटकता देख लोग घबरा गए। इसी के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर मजमा जुट गया। पुलिस ने शव को नीचे उतार कर तलाशी लेकिन पहचान के लिए कुछ नहीं मिला।

मौके पर बनी हत्या की आशंका

मौके पर लोगों का कहना था कि देर रात तक यहां पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। आधी रात के बाद ही कोई इसे यहां पर लटका गया होगा। यदि सुसाइड होता तो इसके पास पहचान के लिए कुछ न कुछ होता। पुलिस युवक की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है। युवक नीला लोअर व जैकेट व पहने है। मृतक की उम्र तीस वर्ष के आस-पास बताई गई है।