आगरा(ब्यूरो)। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव को जांच के आदेश दिए। नगर निगम के लोहामंडी जोन के कर्मचारी मनोज श्रीवास्तव का उत्पीडऩ होने से नाराज कर्मचारियों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर नगरायुक्त कक्ष के बाहर प्रदर्शन किया।

आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास
नगर निगम के लोहामंडी जोन में प्रथम श्रेणी क्लर्क के पद पर मनोज कुमार श्रीवास्तव की तैनाती है। उनके द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बुधवार को मनोज कुमार श्रीवास्तव नगर निगम पहुंचे। उन्होंने बिल्डिंग से कूदने का प्रयास किया, लेकिन तब उनको साथी कर्मचारियों ने रोक लिया। समझा-बुझाकर ऐसा कदम न उठाने के लिए कहा था। इसके बाद वहां से चले गए थे। बाद में उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी आग की तरहफैल गई थी। पहले विषाक्त पदार्थ का सेवन करने की चर्चाएं चली थीं लेकिन डॉक्टर्स ने इससे से इंकार कर दिया था। दिल्ली गेट स्थित हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। अब तबीयत में सुधार है।

कर्मचारियों ने की बैठक
गुरुवार दोपहर निगम के कर्मचारियों की बैठक हुई। बड़ी संख्या में कर्मचारी नगरायुक्त कक्ष के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन किया। दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी ने कहा कि मनोज के उत्पीडऩ की जांच होनी चाहिए। कर्मचारियों ने कर निर्धारण अधिकारी सुभाष चंद्र और कर अधीक्षक सोबरन ङ्क्षसह के अलावा सहायक लेखाधिकारी उल्लास वर्मा की भी शिकायत की। आरोप है कि सहायक लेखाधिकारी द्वारा बिलों को देरी से पास किया जा रहा है। नगरायुक्त अंकित खंडेवाल ने बताया कि अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव मामले की जांच करेंगे। कर निर्धारण अधिकारी और कर अधीक्षक को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। प्रदर्शन करने वालों में उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद इलाहाबादी, हरीबाबू वाल्मीकि, दीपक राठौर, धर्मेंद्र शर्मा, शैलेंद्र राठौर आदि शामिल रहे।

जांच निष्पक्ष और सभी बिन्दुओं पर जांच कराई जा रही है। अपर नगरायुक्त मामले की जांच करेंगे। जांच पूरी होने तक कर निर्धारण अधिकारी और कर अधीक्षक को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंकित खंडेलवाल, नगरायुक्त