- नई मशीनें खड़े-खड़े हो रही कंडम, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान

आगरा। शहर में डेंगू की दहशत लगातार बढ़ रही है। इस पर काबू पाने के लिए नगर निगम फॉगिंग करा रहा है। इसमें 40 साल पुरानी फॉग मशीन फॉगिंग का हिस्सा बनी हुई है। हर रोज मरम्मत के बाद इस मशीन को उपयोग में लाया जा रहा है, जो कि सिटी में नाकाफी साबित हो रही है। जबकि पांच नई मशीनें खड़े-खडे़ कंडम हो रही हैं। इनमें सुधार करके फॉगिंग तेज की जा सकती है, लेकिन नगर निगम प्रशासन को इसकी फिर्क नहीं है। विभाग की मानें तो अधिकारी नई मशीन खरीदी की चाहत में पुरानी मशीनों को नहीं बनवा रहे हैं।

मरम्मत करके चलाया जा रहा

नगर निगम के पास कुल छह चालू हालत में फॉगिंग मशीनें हैं। इसमें एक सबसे पुरानी मशीन फॉग है। मलेरिया विभाग के इंचार्ज के अनुसार ये 40 साल से ज्यादा पुरानी है। ये हमेशा खराब हो जाती है। इसको सुधार करके चलाया जाता है। इसके साथ ही पांच अन्य नई मशीनें भी फॉगिंग कर रही हैं, लेकिन ये शहर के क्षेत्र और आबादी की तुलना में नाकाफी हैं।

पांच नई मशीनें कंडम

नगर निगम के पास कुल 11 मशीनें हैं। इसमें एक मशीन को छोड़कर सभी नई हैं। इन नई मशीनों में पांच मशीन कई सालों से खराब हैं। इन्हें मरम्मत करके दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है, लेकिन मशीनों पर ध्यान नहीं दिया गया। ये खड़े-खड़े कंडम हो चुकी हैं।

रिपेयरिंग में रहती हैं मशीनें

वर्तमान में छह मशीनें चालू हालत में हैं। इसमें एक-न-एक मशीन खराब रहती है। शुक्रवार को भी सबसे पुरानी मशीन मरम्मत के लिए लाई गई।