- सामान्य से नीचे आया अधिकतम तापमान

आगरा। शहर में सोमवार सुबह से ही कोहरा छाया रहा। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में ठिठुरन बढ़ने से जनजीवन प्रभावित रहा। दिनभर लोग अलाव के पास बैठे रहे।

सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा तापमान

शहर में दिनभर गलन का अहसास रहा। अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री से। दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री से। दर्ज किया। अधिकतम तापमान में कमी आने के कारण दिनभर ठंडी हवा चलती रहीं और गलन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिनों तक ऐसा मौसम बने रहने की संभावना है।

घरों में दुबके रहे लोग

दिनभर हवा चलने से ठंड बढ़ गई। वहीं सूरज नहीं निकलने से लोगों को राहत भी नहीं मिल पाई। लोग अपने घर से बाहर नहीं निकले। शहर में जगह-जगह अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाने की जुगत में लोग दिखाई दिए।

ठंड ने किया परेशान

दिनभर सूरज नहीं निकलने से शहर में ठंडी हवाएं चलती रहीं। ऐसे में ताज देखने आए पर्यटक ठंड से काफी परेशान हुए। कोहरे में लिपटे ताज को पर्यटकों ने खूब निहारा। सोमवार को 29136 रजिस्टर्ड पर्यटक रहे। इनमें इंडियन 25780, विदेशी 3080 और सार्क के 276 पर्यटक शामिल हैं। पर्यटकों ने कोहरे में लिपटे ताज के साथ खूब फोटोज भी क्लिक कराई। रविवार को इकट्ठी हुई भीड़ को देखते हुए सोमवार को भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।

पुरानी टिकट लेकर आए पर्यटक

रविवार को टिकट खरीदने के बावजूद ताज का दीदार नहीं कर पाए पर्यटक सोमवार को वही टिकट लेकर वापस आए। टिकट काउंटर से ली गई टिकट एक ही दिन वैलिड होती है, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पर्यटक पुरानी टिकट लेकर ही आ गए। एंट्री गेट पर टिकट चैकिंग स्टाफ के बताने के बाद उन्हें फिर से टिकट लेनी पड़ी। रविवार को दो से ढाई हजार पर्यटक एंट्री बंद होने के कारण ताज नहीं देख पाए थे।