आगरा। कलक्ट्रेट परिसर में शनिवार को उस दौरान हंगामा हो गया, जब महिलाओं ने एक सिपाही के साथ खींचतान कर दी। पुलिस ने सिपाही को अलग किया। पीडि़त महिलाओं ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है। थाना पुलिस ने मारपीट की बात से इनकार किया है।

पड़ोसी से चल रहा है विवाद

गिहार बस्ती निवासी वीना पत्‍‌नी राजा अपनी भाभी ऊषा पत्‍‌नी राजू के साथ रहती है। पति जूते का काम करता है। उसका अपने पड़ोसी के साथ विवाद चल रहा है। आरोप है कि पड़ोसी तंत्र विद्या करता है। उसके घर पर सभी लोग उससे परेशान हैं। आठ साल पूर्व पड़ोसी ने उस पर जानलेवा हमले में मुकदमा दर्ज कराया था। पड़ोसी उन लोगों को घर से निकालना चाहता है।

पुलिस ने की महिलाओं से मारपीट

शुक्रवार शाम पड़ोसी व महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि थाने में उनकी सुनवाई नहीं हुई। पड़ोसी ने उनके खिलाफ शिकायत कर दी। पड़ोसी के साथ कई पुलिसकर्मी के साथ घर पर आकर मारपीट की गई। पुलिस कर्मियों पर भी मारपीट का आरोप लगाया है।

कलक्ट्रेट में खींचा सिपाही

शनिवार दोपहर इस मामले को लेकर वीना घर की अन्य महिलाओं व एरिया के लोगों के साथ कलक्ट्रेट एसएसपी कार्यालय शिकायत करने आ रही थी। उसी दौरान कलक्ट्रेट में पिटाई करने वाला एक सिपाही महिलाओं को दिख गया। इस पर महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। सिपाही के साथ लोगों ने खींचतान कर दी।

पुलिस ने बचाकर निकाला

कलक्ट्रेट पर हंगामे के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। हंगामे को देख पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सिपाही को वहां से हटाया। महिला शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय गई। यहां पर महिला का कहना था कि पुलिस की पिटाई से वह बुरी तरह से घायल हो गई है। उसके अलावा उसकी बहन प्रीती के साथ भी मारपीट की गई है।