आगरा। पुलिस नव वर्ष का आगाज इस बार नए तेवरों के साथ कर रही है। अपना इकबाल बचाने, बदमाशों में खौफ जताने और पब्लिक में खुद की छवि सुधारने को पुलिस ने नए स्तर से कवायद की है। क्राइम रोकने को अब फोर्स सड़कों पर दिखेगा। योजना के तहत कुछ स्थान चिह्नित किए गए हैं, जो वारदात के लिए सॉफ्ट प्वॉइंट बन चुके हैं। थानावार भी अधिकारियों को भी कई निर्देश दिए गए हैं।

किराएदारों से लेकर झुग्गी वासी का सत्यापन

आला अधिकारियों के निर्देश के अनुसार समस्त थाना क्षेत्र अपने-अपने एरिया, कॉलोनी आदि में रहने वाले किराएदारों का सत्यापन करेंगे। सत्यापन हो चुका है तो उसकी फिर जांच करेंगे। सत्यापन कराने को मकान मालिकों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में झुग्गी-झोपडि़यों में रहने वाले लोगों की भी जानकारी की जाएगी। फेरी लगाने वालों पर भी पुलिस नजर रखेगी।

संवेदनशील एरिया पर पैनी निगाह

पुलिस ने थानावार संवेदनशील एरिया भी चिह्नित किए हैं। यहां पर पुलिस पिकेट लगाया जाएगा। तैनात पुलिसकर्मी आसपास के लोगों से बात कर एरिया की स्थिति को पता करेंगे। जिससे कि कभी भी विवाद होने पर स्थिति न बिगड़ने पाए। एरिया में रहने वाले असामाजिक व शरारती तत्वों पर पूरी नजर रखी जाएगी। धार्मिक स्थल, कब्रिस्तान, शमशान आदि पर भी ड्यूटी प्वॉइंट से नजर रखी जाएगी।

पेट्रोल पंप स्वामियों को निर्देश

सिटी में कई पेट्रोल पंप हैं। इन पर कितने सीसीटीवी कैमरे हैं। इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों का सत्यापन किया जाएगा। पंप स्वामी को भी निर्देशित किया गया है। नए कर्मचारियों का सत्यापन कराएं। कैश ले जाने के दौरान एक सुरक्षा गार्ड जरूर साथ ले जाएं।

हाईवे पर भी नजर

पुलिस हाईवे पर भी नजर रखेगी। हाईवे पर बने होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट आदि पर भी नजर रखी जाएगी। यहां पर प्रबंधकों से बात कर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने की बात की जाएगी।

स्कूलों की होगी निगरानी

इसके अलावा महाविद्यालय व विद्यालय पर भी पुलिस नजर रखेगी, जिससे की मनचलों पर शिकंजा कसा जा सके।