- कटरा वजीर खां में महिलाओं का फूटा आक्रोश

- पुलिस से तीखी झड़प, दो घंटे लगाए रखा जाम

आगरा। शराब की दुकानों के खिलाफ आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को भी शराब ठेकों पर प्रदर्शन हुआ। एत्माद्उद्दौला के कटरा वजीर खां में शराब ठेका खोलने के विरोध में महिलाओं ने जमकर बवाल किया। थाने से यमुना ब्रिज मार्ग पर जमा लगा दिया। पुलिस के सामने ठेकेदार के गुर्गे की पिटाई से महिला बेहोश हो गई। इससे आक्रोशित महिलाओं की पुलिस से तीखी झड़प हुई। करीब दो घंटे तक लगा जाम और हंगामा अधिकारियों द्वारा ठेकों को क्षेत्रीय लोगों की आपत्ति की रिपोर्ट प्रशासन को देने के आश्वासन पर समाप्त हुआ। इसके अलावा सदर, लोहामंडी समेत अन्य क्षेत्रों में भी लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया।

चार दिन से जारी विरोध

कटरा वजीर खां में विजय सिनेमा के पास खोले जा रहे शराब ठेका का चार दिन से क्षेत्रीय महिलाएं विरोध कर रही हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे वहां पहुंचे आबकारी विभाग के अधिकारियों के पैर पकड़ महिलाओं ने ठेका न खोलने की गुहार लगाई। कार्रवाई का उचित भरोसा न मिलने पर शाम चार बजे सैकड़ों महिलाएं मुख्य सड़क पर जुट गई। उन्होने सड़क पर ईट का ढेर लगा जाम लग दिया। इससे रामबाग से यमुना ब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में ठेकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इससे महिलाओं का वहां से निकलना मुश्किल हो जाएगा। पति जो भी कमाकर लाते हैं, वह रास्ते में ही ठेकों पर शराब पीकर गंवाने के बाद घर आते हैं। महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने उनको समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया तो उससे भिड़ गई।

पुलिस के रवैये पर भड़की भीड़

इसी बीच ठेकेदार के गुर्गे ने पुलिस के सामने महिला को बुरी तरह पीट दिया। वह बेहोश हो गई, महिला का देवर बचाने आया तो पुलिस ने आरोपी की जगह उसे ही पकड़कर जीप में बैठा दिया। जाम लगाती महिलाओं ने वहां मौजूद एक दारोगा से महिला को बचाने की कहा तो उसने पति-पत्नी का विवाद बताते हुए हस्तक्षेप से मना कर दिया। ठेकेदार के गुर्गे को महिला का पति बताने पर भीड़ भड़क गई। उन्होंने दो घंटे तक जाम लगाए रखा। सीओ छत्ता बीएस त्यागी और प्रशिक्षु आईपीएस अपर्णा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को शांत कराया। महिलाओं को आश्वस्त किया कि ठेका तभी खुलेगा, जब वह आबकारी और प्रशासन के अधिकारियों से बात कर लेंगे। इसके बाद महिलाओं ने जाम खोला।

विरोध में बंद किया बाजार

सदर राजपुर चुंगी में ठेका खोलने के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। महिलाओं ने वहां पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि ठेका खोलने से बाजार में ग्राहकों का आना-जाना बंद होने से उनका धंधा चौपट हो जाएगा। वहीं, लोहामंडी के तोता का ताल में भी महिलाओं ने ठेका खोलने के विरोध में प्रदर्शन किया। भीड़ को देख वहां मौजूद स्टाफ ठेका बंद करके चले गए।