- चार युवकों ने सड़क से उठा कर जंगल में किया दुष्कर्म

आगरा। थाना एत्मादउद्दौला स्थित काशीराम योजना में चार दबंग युवकों ने 13 वर्षीय बालिका को सड़क सरेआम उठा लिया। एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया जबकि तीन पहरेदारी करते रहे। घटना के बाद परिवार शिकायत करने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहा था। पुलिस के समझाने पर बमुश्किल परिजनों ने दबंगों के नाम पुलिस को बताए। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया है।

रात में सामान लेने गई थी

एत्माउद्दौला क्षेत्र निवासी 13 वर्षीय बालिका के माता-पिता की करीब दस साल पूर्व मौत हो चुकी है। बालिका दो बहने हैं। इसमें बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। बालिका अपने चाचा व चाची के साथ रहती है। वहीं उसका पालन पोषण कर रहे हैं। गुरुवार रात साढ़े आठ बजे वह घर से कुछ दूरी पर दुकान पर हीटर का एलीमेंट लेने गई थी। लौटने के दौरान चार दबंग युवक मिले। दबंगों ने उसका मुंह दबाया और जंगल की तरफ उठाकर ले गए।

कमरे में किया दुष्कर्म

जंगल में एक बालिका के घर से दो-तीन सौ मीटर दूर एक कमरा बना हुआ है। दबंग उसे वहीं पर ले गए। एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया जबकि तीन पहरेदारी पर रहे। पीडि़ता ने बताया कि युवकों ने उसके हाथ पैर बांध दिए और मुंह भी बांध दिया था। घटना को कारित करने के बाद युवक उसे निर्वस्त्र अवस्था में वहीं छोड़ गए।

वृद्धा ने पहुंचाया घर तक

लोगों ने बताया कि परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रात को 11:30 बजे वहीं पर रहने वाली एक वृद्धा कमरे के पास से गुजर रही थी। वृद्धा ने लड़की को देख लिया। वृद्धा ने खुद के कपड़े से उसके शरीर को ढक दिया। वह उसे घर पर लेकर आई।

परिजनों ने साधी चुप्पी

जैसे ही बालिका ने दबंगों के नाम बताए वैसे ही परिजनों ने चुप्पी साध ली। चूंकि आरोपी युवक दबंग हैं। वह वहीं पर कुछ महिलाओं के पास आते-जाते हैं। रात में साढ़े ग्यारह पर बालिका की बरामदगी के बाद भी थाने सूचना नहीं दी। किसी तरह रात को दो बजे पुलिस को बताया।

पुलिस ने की काउंसलिंग

पीडि़ता द्वारा आरोपियों के नाम सुबह तक नहीं बताए गए। पुलिस ने परिजनों को समझाया बुझाया तब जाकर परिवार विश्वास में आए और आरोपियों के नाम बताए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के नाम विट्टू, गोपाल, ललुआ, कन्हैया उर्फ गटुआ निवासी नगला मोहन लाल बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें से विट्टू ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कन्हैया को अरैस्ट कर लिया है जबकि तीन की तलाश जारी है।