- पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्टअटैक से मौत बताई गई

- एक बेटे के साथ रहता था यहां पर, सुबह घर से बाहर नहीं निकला

आगरा। थाना सदर के डिफेंस कॉलोनी में रिटायर्ड पोस्टमास्टर का शव उसके घर में पड़ा मिला। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। सामान बिखरा पड़ा था। मौके पर हत्या की आशंका बन रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हार्टअटैक से होना बताया गया है।

पोस्ट ऑफिस से रिटायर्ड था मृतक

मूलरूप से अलीगंज एटा निवासी अमर सिंह (72) पुत्र स्व। पदम सिंह पोस्टमास्टर के पद से सेवानिवृत्त हैं। वर्तमान में वह सदर स्थित डिफेंस कॉलोनी में रह रहे थे। उनके चार बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा रेलवे में है। दूसरे नम्बर का सेना से रिटायर्ड है। तीसरा बेटा पिता के साथ रहता है, जबकि चौथा बेटा सेना में है। सेना से रिटायर्ड बेटा कॉलानी में ही दूसरे मकान में रहता है। शनिवार सुबह अमर सिंह घर से बाहर नहीं निकले। आसपास के लोगों को शक हुआ।

मरने से पहले किया संघर्ष

कॉलोनी में रहने वाला बेटा घर पहुंचा। बेटा अंदर गया, तो पिता बेड पर पड़े हुए थे। उनके गले पर निशान था। कुछ सामान भी बिखरा पड़ा था। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शव को देखकर लग रहा था कि मरने से पूर्व उन्होंने संघर्ष किया। बताया गया है कि इस दौरान साथ में रहने वाला बेटा गायब था। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। प्रभारी थाना सदर आदित्य द्विवेदी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्टअटैक आया है।