रेलवे बोर्ड ने गतिमान एक्सप्रेस का टाइमिंग शिड्यूल किया जारी

नई दिल्ली से सुबह 8 बजे चलकर 9.45 बजे पहुंचेगी आगरा कैंट

आगरा कैंट से शाम को 17.30 बजे नई दिल्ली के लिए करेगी प्रस्थान

आगरा। सेंट्रल गवर्नमेंट भले ही लोगों का टाइम बचाने के लिए हाईस्पीड ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रही हो लेकिन इससे आगरा के लोगों को अधिक फायदा नहीं होगा, या ये कहें कि इससे सिवाय नुकसान के कुछ और नहीं मिलेगा तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। आगरा-दिल्ली के बीच शुरू होने वाली गतिमान एक्सप्रेस से आगरा के होटल बिजनेस पर काफी विपरीत असर पड़ेगा।

गतिमान का शिड्यूल जारी

आगरा-दिल्ली के बीच प्रस्तावित गतिमान एक्सप्रेस का शिड्यूल रेलवे बोर्ड ने जारी कर दिया है। गतिमान एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह 8 बजे से आगरा कैंट के लिए प्रस्थान करेगी। सुबह 9.45 पर आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान गतिमान एक्सप्रेस 105 मिनट में 160 किमी। प्रति घंटा की रफ्तार से दूरी तय करेगी। वहीं वापसी में यह शाम को 17.30 बजे आगरा कैंट से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान करेगी। यह 19.15 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। ट्रेन कबसे शुरू होगी, अभी यह डिसाइड होना बाकी है।

होटल बिजनेस होगा प्रभावित

गतिमान एक्सप्रेस का असर ताज सिटी के होटल बिजनेस पर भी पड़ेगा। दिल्ली से आने वाले टूरिस्ट सुबह आकर शाम को वापस चले जाया करेंगे। ऐसा होने से टूरिस्ट नाइट स्टे नहीं करेगा और इसका असर होटल बिजनेस पर पड़ेगा।

टाइमिंग शिड्यूल से आगराइट्स को नहीं होगा फायदा

रेलवे बोर्ड ने गतिमान एक्सप्रेस का जो टाइमिंग शिड्यूल जारी किया है। वह सुबह नई दिल्ली से ट्रेन के प्रस्थान का है। गौरतलब है कि सुबह आगरा से लोग दिल्ली के लिए प्रस्थान करते हैं, न कि दिल्ली से आगरा के लिए। सुबह सैंकड़ों की संख्या में स्टूडेंट, छोटे-बड़े कारोबारी और नौकरीपेशा लोग रोज सुबह दिल्ली जाते हैं, और शाम को वापस आगरा लौटते हैं, जबकि ट्रेन शाम को आगरा से नई दिल्ली रिटर्न होगी।

नाम और नम्बर हो चुके हैं जारी

आगरा-दिल्ली के बीच 160 किमी। प्रति घंटा की रफ्तार से प्रस्तावित सेमी हाई स्पीड ट्रेन का नाम और नम्बर रेलवे बोर्ड द्वारा अक्तूबर में ही तय कर दिए गए। इसमें हाईस्पीड ट्रेन का नया नाम गतिमान एक्सप्रेस और दिल्ली से ट्रेन का नम्बर 12049 और आगरा से ट्रेन का नम्बर 12050 निर्धारित कर नोटीफिकेशन जारी कर दिया।

एलएचबी कोच तैयार दिल्ली आए

पंजाब के कपूरथला स्थित कोच फैक्ट्री में एलएचबी कोच जर्क फ्री कपलर कोच तैयार हो चुके हैं। ये दिल्ली लाए जा चुके हैं। कोच को 160 किमी। से 200 किमी.के मानक से तैयार किया जा रहा है। रेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार इन कोच को अत्याधुनिक रुप से तैयार किया जा रहा है। इसमें फायर डिटेक्टर ऑटोमेटिक गेट, पैंसेजर इन्फोरमेशन सिस्टम वाई-फाई से दुरुस्त किया जाएगा। इनमें पैंसेंजर की सुविधा के लिए इन्फोरमेशन डिसप्ले लगाया गया है। बताया जा रहा है कि यह कोच दिल्ली पहुंच चुके हैं।