आगरा। कबूतर बाजी गैंग के सदस्य ने पंजाब के एक युवक को निशाना बना लिया। मलेशिया में नौकरी के नाम पर उससे लाखों रुपये खाते में जमा करा लिए लेकिन नौकरी के नाम पर धोखा हुआ। पीडि़त ने पंजाब में मुकदमा दर्ज कराया। पंजाब पुलिस खाते की जानकारी के आधार पर दहतोरा बोदला में दबिश देने आई थी।

खातों में कराया ढाई लाख रूपया जमा

मुक्तेश्वर पंजाब निवासी लवजीवन की एक साथी ने एक साल पूर्व दहतोरा बोदला सिकंदरा निवासी विकास जिंदल नाम युवक से पहचान कराई थी। विकास ने उसे मलेशिया में नौकरी दिलाने का सपना दिखाया। वह उसकी बातों में फंस गया। उसने विकास के कहे अनुसार उसके खाते में कई किस्तों में कुल ढाई लाख रुपया जमा करा दिया।

दो माह बाद ही लौटना पड़ा

उसी दौरान उसे मलेशिया भेज दिया लेकिन शातिर ने उसे वर्क परमिट पर नहीं बल्कि टूरिस्ट बीजा पर मलेशिया भेज दिया जिसके खत्म होने पर उसे दो महीने में ही वहां से लौटना पड़ा। वहां से लौटने के बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। पीडि़त ने पंजाब में ही मामले में मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में पंजाब पुलिस छानबीन कर रही थी।

एकाउंट डिटेल से पहुंची घर तक

पंजाब की पुलिस ने जब अकाउंट खंगाला तो पता दहतोरा बोदला रोड का निकला। इसी के बाद रविवार की सुबह पुलिस यहां पर पहुंच गई। पुलिस ने यहां पर इलाका खंगाल डाला लेकिन विकास का पता नहीं चल सका। इसी के बाद पुलिस लौट गई।