शुक्रवार को तापमान

मैक्सिमम: 11.7

मिनिमम: 6.8

-मौसम के सबसे ठंडे दिन ने ली लोगों की परीक्षा

PRAYAGRAJ: मौसम का बदला मिजाज शुक्रवार को अपनी पूरी रंगत में नजर आया। दिन का तापमान जहां 11.7 डिग्री रहा, वहीं रात में यह घटकर 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में तापमान अभी तक इससे नीचे नहीं गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान इससे भी नीचे जा सकता है। इससे लोगों को होशियार रहना होगा। सेहत के प्रति उनकी जरा सी भी लापरवाही परेशानी का कारण बन सकती है।

सुबह से छाई रही धुंध

सुबह से ही सर्द मौसम में लोगों की सांस जमने लगी थी। आसमान में गहरे बादल और धुंध की वजह से विजिबिलिटी भ्ीा साफ नहीं थी। शाम तक लोगों को धूप के दर्शन नही हुए। लेकिन दोपहर में दो बजे के बाद अचानक मौसम तेजी से ठंडा होने लगा। चलने वाली ठंडी हवाओं से कंपकंपी छूटने लगी। शाम होते होते लोग घरों में कैद हो गए। सड़कें पूरी तरह सूनी रहीं।

सर्दी, जुकाम ने किया परेशान

भीषण ठंड में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। शुक्रवार को लोगों ने गले में कफ और एलर्जी की समस्या भी बताई। बुजुर्गो को अधिक से अधिक गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। खासकर सुबह और दिन ढलने के बाद बुजुर्गो, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को घर से बाहर निकलने पर रोक लगाई गई है। मौसम विज्ञानियों द्वारा भविष्य में ठंड का ग्राफ बढ़ने की भविष्यवाणी के बाद लोग अधिक सतर्क हो गए हैं।

ठंड का ग्राफ बढ़ता है तो लोगों को अधिक होशियार रहना होगा। अधिक से अधिक समय बंद कमरे में बिताना जरूरी है। बाहर निकले तो शरीर को अच्छी तरह से गर्म कपड़ों से ढंके रहें। अगर कोई समस्या या शरीर में दर्द होता है तो अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

-डॉ। अरुण कुमार गुप्ता, फिजीशियन