-आशिक मिजाज बेटे के दोस्त ने सब्बल से मारकर दिया वारदात को अंजाम

-शंकरगढ़ पुलिस ने किया खुलासा, साथी की तलाश में दबिश जारी

PRAYAGRAJ: दोस्त के पिता का टोकना इतना नागवार गुजरा कि युवक दोस्ती भूल बैठा। उसने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर दोस्त के पिता को मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज घटना है शंकरगढ़ के देवरा के मजरा मौहरिया की। घर के बाहर सो रहे रहे महेशदत्त त्रिपाठी (48) की रविवार रात सब्बल से मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि मृतक के बेटे के संबंध आरोपित की पत्नी से थे। इस बात को लेकर मृतक आते जाते महिला को टोकता रहता था। अधेड़ की यह बात न सिर्फ महिला बल्कि उसके प्रेमी बेटे को भी नागवार लगती थी। उधर पत्नी पर लगाए जा रहे लांछन की खबर मिलने के बाद अभियुक्तों ने शराब पीकर वारदात को अंजाम दिया। कत्ल की यह हकीकत पुलिस के सामने गिरफ्तार किए गए शख्स ने सोमवार को कबूल कर लिया है।

पत्नी ने देखी बॉडी

शंकरगढ़ के देवरा के मजरा मौहरिया निवासी महेशदत्त त्रिपाठी रविवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। पत्नी सावित्री छत पर जबकि बच्चे घर के अन्दर थे। देर रात महेशदत्त की सब्बल से प्रहार कर हत्या कर दी गई। कातिल इतने शातिर थे कि उसे चीखने तक का मौका नहीं दिया। सोमवार सुबह महेशदत्त की पत्नी दरवाजे पर आई तो खून से लथपथ पति की बॉडी देख चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनते ही परिवार व गांव के लोग दौड़ पड़े। सुबह-सुबह कत्ल की इस वारदात को देख सभी दंग रह गए। खबर मिलते ही पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। बुलाए गए डाग स्क्वॉयड से भी मामले की जांच कराई गई। मृतक के बड़े बेटे सुरेन्द्र ने तहरीर देकर मंझले भाई बृजेंद्र उर्फ छोटू वउसके दोस्त अवधेश कुमार सिंह शक जताया। पुलिस ने मृतक बेटे बृजेंद्र, अवधेश सिंह व लखन कोल को उठा कर पूछताछ की। इस बीच अवधेश ने घटना को कबूल कर लिया।

महिला को टोकता था महेशदत्त

पुलिस के मुताबिक मृतक के बेटे बृजेश के सम्बंध अवधेश की पत्नी से थे। इसलिए अक्सर महेशदत्त महिला को टोका करता था कि वह उसके बेटे को बर्बाद कर रही है। क्योंकि बृजेंद्र ज्यादातर उसी के यहां रहता था। उसका पिता महेश से इसको लेकर झगड़े भी हुआ करते थे। बेटे से दूरी बनाने के दबाव को देखते हुए महिला अवधेश से लांछन लगाने की बात बताई। इसी बात को लेकर रात में अवधेश ने उसकी हत्या कर दी।

घटना का खुलासा हो गया है। मृतक के बेटे के दोस्त ने ही वारदात को अंजाम दिया है। मृतक के एक बेटे के सम्बंध अभियुक्त की पत्नी से थे। इसी बात को लेकर मृतक महिला पर बेटे से दूरी बनाने का दबाव बनाया करता था। अन्य की तलाश जारी है।

-वेद प्रकाश पांडेय, इंस्पेक्टर शंकरगढ़