-शहर में जगह-जगह हुई सभाएं, कहा नुकसान की भरपाई करना असंभव

ALLAHABAD: गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में विहिप नेता अशोक सिंहल के निधन की खबर से प्रयाग नगरी में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर में जगह-जगह सभाएं कर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। लोगों ने उनके निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया। भाजपा कीडगंज मंडल द्वारा पुलिस बूथ के निकट श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता पदुम जायसवाल समेत डॉ। कमला सिंह, डॉ। रमा सिंह, माधवराज वैद्य, राम सिंह, शिवेंद्र मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

हो गया युगपुरुष का अंत

भाजपा महानगर समाज कल्याण प्रकोष्ठ की ओर से शोकसभा का आयोजन हुआ। अध्यक्षता महानगर उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने की। प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष रतन खरे ने कहा कि हिंदुओं के संरक्षक के निधन से एक युगपुरुष का अंत हो गया। मीरापुर कार्यालय पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक में काशी प्रांत उपाध्यक्ष पुनीत वर्मा ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनका पार्थिव शरीर रात आठ बजे तक विहिप के दिल्ली स्थित कार्यालय में रखा जाएगा। सभा में दो मिनट का मौन रखकर स्व। सिंहल को श्रद्धांजलि दी गई।

यहां भी हुई शोक सभाएं

भाजपा जिलाध्यक्ष रामरक्षा द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में अमेठी के जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, जिला महामंत्री राजेंद्र पांडेय, श्यामधर मिश्र, बीडीओ सिंह, कुंवर मृगेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। विहिप के मीडिया प्रभारी अश्वनी मिश्र ने बताया कि अशोक सिंहल के अंतिम संस्कार से संबंधित सभी कार्यक्रम दिल्ली में होंगे और अस्थि कलश का विसर्जन प्रयाग में होगा। शांति कार्यक्रम महावीर भवन प्रयाग में आयोजित होगा, जिसमें दुनियाभर से उनके प्रशसंकों को आमंत्रित किया जाएगा। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गौतम चौधरी के आवास पर हुई शोकसभा में हिंदुत्व के महानायक और रामजन्मभूमि आंदोलन के पुरोधा अशोक सिंहल को नमन किया गया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष सावन जोगी, कुशमुनि स्वरूप, ब्रजेश भारतीया, ज्वाला कुमार, रोहित भारतीया आदि ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्र सरकार के उच्च न्यायालयों की शोकसभा असिस्टेंट सॉलिस्टर जनरल ज्ञान प्रकाश की अध्यक्षता में इलाहाबाद हाईकोर्ट स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय पर हुई। जिसमें मृत्युंजय तिवारी, पवन श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र द्विवेदी, ज्ञानेंद्र द्विवेदी, केशव दत्त मालवीय, पतंजलि मिश्रा आदि मौजूद रहे।

व्यापारियों में भी शोक की लहर

बहादुरगंज शिवचरनलाल रोड व्यापार मंडल के संरक्षक व्यापारी नेता अमर वैश्य मुन्ना भइया की अध्यक्षता में विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने शोक जताया। उन्होंने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिवंगत वीएचपी नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर महामंत्री राजेश गुप्ता, राजेश जायसवाल, शिवबाबू अग्रहरि, रोहित छाबड़ा, दिलीप अग्रवाल, मनोज जैन आदि उपस्थित रहे।

केशरीनाथ ने व्यक्त की शोक संवेदना

हिंदू हृदय सम्राट व विहिप नेता अशोक सिंहल के निधन पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी और पूर्व बीजेपी अध्यक्ष रंजीत सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देश को बड़ी क्षति हुई है जिसकी भरपाई करना असंभव है। उन्होंने अशोकजी की आत्मा की शांति की भगवान से प्रार्थना की है।