दिन में आसमान से बरसे शोले, उमस ने किया बेहाल

ALLAHABAD: सूरज तमतमा उठा है। आसमान से शोले बरस रहे हैं। उमस ने लोगों का जीना हराम कर डाला है। लोगों को न दिन में चैन है और न उन्हें रात में ही अब सुकून मिल रहा है। कूलर व पंखे की हवा तो मानो लग ही नहीं रही। यह नजारा इन दिनो मौसम का है। गर्मी अपने पूरे शबाब पर पहुंच चुकी है। सूरज का रौद्ररुप लोगों को इस कदर देखने को मिल रहा है कि मानो वह हर कसर पूरी कर लेना चाह रहा है। मंडे को इलाहाबाद जनपद देश के उन चुनिंदा स्थानो में एक रहा, जहां पारे ने करेंट सीजन के सभी रिकार्ड ध्वस्त कर डाले।

करेंट सीजन का हाईऐस्ट टेम्परेचर

इलाहाबाद में मंडे को दिन का तापमान अपने रिकार्ड स्तर 46.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह करेंट सीजन में अब तक का हाईऐस्ट टेम्परेचर है। तापमान के तेजी से ऊपर जाने से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो चला है। कुछ देर धूप में जाते ही लोगों के पसीने छूट जा रहा हैं। हाल यह है कि शर्ट और बनियान तक भीग जा रही है। बीते 72 घंटों में पंखे और कूलर की हवा ने भी साथ छोड़ दिया है। एसी को भी कमरे को ठंडा करने में समय लग जा रहा है। बता दें कि अप्रैल और अभी तक के मई के महिने में इससे पहले टेम्परेचर 45.3 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंचा था।

रात्रि का टेम्परेचर भी 30 डिग्री

बात रात्रि के टेम्परेचर की करें तो यह भी कुलाचे भरता नजर आ रहा है। कुछ दिनो पहले तक जहां रात्रि का टेम्परेचर 25 डिग्री सेल्सियस के अंदर था। वह तेजी से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इससे नाइट में लोगों की नींद अब उड़ चली है। इलाहाबाद के बम्रौली एयर स्टेशन ने मंडे का अधिकतम टेम्परेचर 45.2 डिग्री एवं न्यूनतम टेम्परेचर 30.2 डिग्री सेल्सियस बताया है। वहीं भारत मौसम विज्ञान केन्द्र लखनऊ की गणना के अनुसार मंडे को इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।